ग्वालियर। एक हजार स्कूली बच्चे करीब एक किलोमीटर से लंबा तिरंगा सिर पर उठाकर महाराज बाड़ा से होते हुए फूलबाग मैदान पहुंचे। हर घर तिरंगा अभियान के चलते 100 किलो वजनी तिरंग को लाने वाले बच्चों का फूलबाग पर सम्मान किया गया। इतना लंबा और भव्य तिरंगे को देखकर लोग आश्चर्य चकित रह गए।
हर घर तिरंगा अभियान के तहत देशभक्ति की धारा से शहर को जोड़ने के लिए एक निजी स्कूल ने अनूठी पहल की। शनिवार को फूलबाग तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा महाराज बाड़ा से प्रारंभ हुई, जिसमे करीब एक किलोमीटर (1111 मीटर) से ज्यादा लंबे राष्ट्रध्वज को लेकर एक हजार बच्चे निकले। पुलिस, बीएसएफ, एसएएफ के बैंड की राष्ट्रधुन के साथ यह तिरंगा यात्रा गुजर रही थी तो पूरा माहौल राष्ट्र भक्तिमय हो गया। इसके साथ ही राष्ट्रभक्ति पर आधारित गीत-संगीत से पूरा शहर गूंज उठा। जब यह तिरंगा यात्रा फूलबाग पर पहुंची तो यहां पुष्प वर्षा भी की गई। यह तिरंगा यात्रा सराफा बाजार, गश्त का ताजिया, राम मंदिर, एमएलबी रोड होते हुए पर फूलबाग मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। फूलबाग मैदान में संभागायुक्त आशीष सक्सेना, एडीजी श्रीनिवास वर्मा, कलेक्टर कौशलेद्र विक्रम सिंह, एसएसपी अमित सांघी, एडीएम डा. इच्छित गढ़पाले, जिला पंचायत सीईओ आशीष तिवारी सहित अन्य अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को पुरुस्कृत किया। 
इस विशाल तिरंगा को गुजरात के सूरत में तैयार कराया गया है। करीब 1111 मीटर और 100 किलो वजन वाले इस तिरंगा को तैयार करने में 20 दिन से ज्यादा समय लगा है। साथ ही पांच लाख रुपए का खर्च इसमें आया है। इसको उठाकर ले जाने में 1000 स्कूली छात्र और सवा सौ स्टाफ मेंबर व बाहर के लोग लगे हैं। तिरंगे के एक तरफ 350 से 400 स्कूल छात्र थे। इतने ही छात्र दूसरी तरफ थे। बच्चों की तिरंगा यात्रा जहां-जहां से निकली उसका तालियों और पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया गया। साथ ही 13 से 15 अगस्त तक घर घर तिरंगा लगा कर जिले के सभी नागरिक हर-घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान देंगे।