भोपाल। मध्यप्रदेश में गर्मी ने अब पूरी तरह अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं। खासकर 16 अप्रैल से कई इलाकों में लू (हीट वेव) का असर तेज होने की संभावना है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

कई शहरों में तापमान 40 डिग्री के पार
प्रदेश में नर्मदापुरम सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा रतलाम में 41.4 डिग्री, धार में 40.6 डिग्री, बैतूल में 40.5 डिग्री, रायसेन और श्योपुर में 40.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी भोपाल में भी पारा 39.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे दिन के समय तेज गर्मी का असर साफ दिखाई दिया।

16 अप्रैल से कई जिलों में हीट वेव का खतरा
मौसम विभाग के अनुसार 16 और 17 अप्रैल को प्रदेश के कई जिलों में लू चलने की स्थिति बन सकती है। इनमें रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, खरगोन, खंडवा, सीधी, सिंगरौली, मंडला और बालाघाट शामिल हैं। वहीं इंदौर, उज्जैन और भोपाल जैसे बड़े शहरों में भी गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं।

कमजोर मौसम सिस्टम से नहीं मिलेगी राहत
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 15 अप्रैल से एक नया मौसम सिस्टम सक्रिय हो रहा है, लेकिन यह काफी कमजोर है। इसके कारण तापमान में किसी बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है। उल्टा आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है। राज्य में नमी का स्तर भी लगातार कम हो रहा है और बारिश नहीं होने से मौसम और शुष्क होता जा रहा है। दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी का असर बना हुआ है, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल रही है।

लू से बचाव के लिए जारी की गई सलाह
स्वास्थ्य और मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। इसमें दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक धूप से बचना, हल्के और सूती कपड़े पहनना, बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखना तथा बाहर निकलते समय सिर और चेहरे को ढककर रखना शामिल है।