हरियाणा के गुरुग्राम में हुए राधिका यादव मर्डर मामले में पुलिस को चौंकाने वाली बातें पता लग रही हैं। राधिका के कोच अजय यादव के अनुसार वह विदेश जाना चाहती थी। घर की बंदिशों से तंग आकर उसने दुबई या ऑस्ट्रेलिया जाने का प्लान बनाया था। सोशल मीडिया पर व्हाट्सऐप चैट भी वायरल हो रही है। हालांकि पिता ने राधिका को विदेश जाने की परमिशन नहीं दी थी। राधिका को कोच की तरफ से चीन जाने का ऑफर भी मिला था। राधिका ने खाने-पीने की समस्या बताकर इसे ठुकरा दिया था। टेनिस प्रशिक्षण और बेटी की बढ़ती आर्थिक डिमांड के चलते पिता उससे नाराज था।
मां ने साधी चुप्पी
हत्यारोपी दीपक ने अपने लिए फांसी की डिमांड की है। राधिका के ताऊ विजय यादव के अनुसार आरोपी ने खुद से कन्या वध होने की बात कबूली है। हालांकि पुलिस के सवालों के सामने आरोपी निरंतर चुप्पी साधे हुए है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। कुछ और लोगों को भी जांच में शामिल किया जा सकता है।
रिमांड के बाद आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने कबूला है कि उसकी बेटी के एकेडमी चलाने पर कुछ लोगों को आपत्ति थी। इसलिए वे उसे लगातार उकसाते थे। कई बार बेटी को अकादमी बंद करने के लिए कहा था, लेकिन वह नहीं मानी।
15 दिन से बढ़ गया था विवाद
पिछले 15 दिन से विवाद बढ़ गया था। परेशानी के चलते ही उसने रसोई में आकर अपनी बेटी को मौत के घाट उतार दिया। बेटी पर आरोपी ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग की थी। पुलिस ने राधिका की मां मंजू से भी पूछताछ की है, लेकिन उसने किसी प्रकार के बयान दर्ज करवाने से मना कर दिया है। पुलिस को मंजू ने सिर्फ इतना बताया है कि उसे बुखार था, वह कमरे में लेटी थी।
उसे नहीं पता कि बेटी की हत्या पति ने क्यों की? राधिका का चरित्र ठीक था। पुलिस मामले में मंजू की भूमिका भी खंगाल रही है। आरोपी ने गुरुवार सुबह साढ़े 10 बजे हत्याकांड को अंजाम दिया था। सूत्रों के मुताबिक राधिका खेल की दुनिया में बड़ा नाम कमाना चाहती थी। उसे विंबलडन खेलना भी पसंद था।
