इसराना : हरियाणवीं मॉडल शीतल की हत्या के आरोपी इसराना निवासी सुनील को पुलिस ने मंगलवार को न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सतीश वत्स ने आज जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए सीआईए वन प्रभारी सब इंस्पेक्टर संदीप की टीम ने हरियाणवीं मॉडल शीतल 24 की हत्या की वारदात का पदार्फास कर सोमवार शाम को आरोपी इसराना निवासी सुनील को पार्क अस्पताल के पास से गिरफ्तार किया था। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने शीतल की चाकू से हत्या करने बारे स्वीकारा। शीतल के परिजनों ने 15 जून को थाना मतलौडा में उसके लापता होने की शिकायत देकर गुमशुदगी का अभियोग दर्ज कराया था।

पानीपत की सतकरतार कॉलोनी निवासी एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वे 5 भाई बहन है। चौथे नंबर की बहन शीतल (24) उसके साथ रहती हैए जो हरियाणवी एल्बम में बतौर मॉडल का कार्य करती थी। 14 जून को शीतल अहर गांव में शूटिंग के लिए गई थी। जो वापिस नहीं आई। उन्होंने अपने तौर पर तलाश की जिसका कही कुछ पता नहीं चला। महिला की शिकायत पर बीएनएस की धारा 127,6 के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरू कर दी थी। सोनीपत पुलिस को सोमवार सुबह खरखौदा के पास नहर में एक महिला का शव मिला था। शिनाख्त कराने पर शव की पहचान शीतल 24 के रूप में हुई थी।

शव पर धारदार हथियार के घाव थे। डीएसपी सतीश वत्स ने बताया कि पुलिस ने सोमवार को शव का पीजीआई खानपुर में पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों के हवाले कर दिया था। और साथ ही दर्ज मामले में परिजनों के ब्यान पर नामजद आरोपी के खिलाफ हत्या की धारा इजाद कर पुलिस ने देर शाम आरोपी इसराना निवासी सुनील को पार्क हस्पताल के पास से गिरफ्तार किया था। डीएसपी सतीश वत्स ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी सुनील ने हरियाणवी मॉडल शीतल की हत्या करने बारे स्वीकारा किया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया वह शीतल से काफी समय से संपर्क में था।

पानीपत मॉल में दोनों की एक दूसरे से जान पहचान हुई थी। गत 14 जून को शीतल अहर गांव में शूटिंग पर गई थी। सुटिंग खत्म होने बाद वह उसे लेने के लिए गया। वहा से लौटते समय मतलौडा सफीदों रोड पर कार में शीतल को किसी लडके का फोन आया, जिसको लेकर उसकी शीतल के साथ कहासुनी हो गई और शीतल पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। इस दौरान उसके हाथ पर चाकू से कट लग गया था। हत्या कर आरोपी शव को ठिकाने लगाने के लिए गाड़ी को दिल्ली पैरलल नहर पर ले गया और जाटल रोड पूल के नजदीक गाड़ी को दिल्ली पैरलल नहर में कूदा दिया।

आरोपी ने गाड़ी से शीतल का शव निकालकर बहा दिया और खुद तैरकर बाहर आ गया। इसके बाद आरोपी ने पुलिस पकड़ से बचने के लिए नहर में गाड़ी गिरने का ड्रामा किया। डीएसपी मुख्यालय सतीश वत्स ने बताया कि पुलिस ने आरोपी से वारदात में प्रयुक्त हुंडई आई 20 गाड़ी बरामद कर ली है। गाड़ी से मोबाइल फोन व सेंडिल भी बरामद हुआ। वहीं आज पुलिस ने आरोपी सुनील को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ करने के साथ वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद करने का प्रयास करेगी।