शिवपुरी, आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा चुनावी मोड में आ गई है. पार्टी के कार्यकर्ता, पदाधिकारियों के अलावा अब बूथ स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के काम में वरिष्ठ नेता लग गए हैं. इसी सिलसिले में शिवपुरी में पार्टी के बथू विस्तारक अभियान 2.0 को लेकर कार्यकर्ताओं की एक कार्यशाला आयोजित की गई. इस बैठक में बूथ स्तर की मजबूती तक के लिए कार्यकर्ता जुट गए हैं. इस कार्यशाला में भाजपा जिलाध्यक्ष राजू बाथम ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए कार्यकर्ता असली पूंजी है आपकी वजह से विधायक, मंत्री बनते हैं, सरकार बनती है. भाजपा सदैव कार्यकर्ताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहती है और अपने पार्टी के कार्यकर्ताओं को कभी नहीं भूलती. वही कार्यकर्ता भी पार्टी के प्रति समर्पित भाव से कार्य करता है . भाजपा का कार्यकर्ता बहुत ही कीमती बहुत ही मूल्यवान है. जिला महामंत्री गगन खटीक ने कहा कि सशक्तिकरण अभियान एवं बूथ विस्तारक योजना 2.0 की जानकारी देते हुए बताया कि गत वर्ष जो अभियान चलाया गया था उसमें हम 100 प्रतिशत बूथों तक पहुंचे थे, और सभी बूथों में त्रिदेव की रचना की थी. इस बार से फिर से अभियान शुरू किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि जिस तरह से आज जिला स्तर की कार्यशाला आयोजित की गई है, उसी के अनुरूप मंडल स्तर पर भी 5 और 6 मार्च को कार्यशाला आयोजित की जाएंगी.
बूथ एक्शन प्लान भी बनाया जाएगा- हेमंत ओझा
इस कार्यशाला में पार्टी के जिला उपाध्यक्ष हेमंत ओझा ने बताया कि विगत वर्ष चलाएं गए बूथ विस्तारक अभियान में हमने जिले के सभी बूथों को डिजिटल बनाया था. अब वह विस्तारक अभियान 2.0 शुरू किया जा रहा है, जिसमें बूथ एक्शन प्लान भी बनाया जाएगा. पन्ना प्रमुख और पन्ना समिति की समीक्षा की जाएगी. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात की बड़ी जीत का श्रेय भी पन्ना प्रमुख और पन्ना समिति को दिया था और यही पन्ना प्रमुख तथा पन्ना समिति हमारी ताकत बनेगी, हमें यह सुनिश्चित करना होगा.
