नई दिल्ली। इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां, वर्ल्ड चैम्पियन स्मृति मंधाना की शादी टल गई है। रिपोर्ट के अनुसार, क्रिकेटर के पिता की तबीयत खराब होने की वजह से शादी को पोस्टपोन कर दिया गया है। अभी वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं। मंधाना अपने पिता के काफी करीब हैं तो उन्होंने फैसला लिया है कि जब तक उनके पिता ठीक नहीं हो जाते, तब तक के लिए आज होने वाली शादी को अनिश्चितकाल के लिए टाला जाएगा। बता दें कि स्मृति मंधाना और पलाश मुच्छल की शादी आज होनी थी। शादी की रस्में धूमधाम से मनाई जा रही थीं। सोशल मीडिया पर कपल के वीडियो भी खूब वायरल हो रहे थे।
सुबह नाश्ते के दौरान पिता की तबीयत बिगड़ी
स्मृति मंधाना के मैनेजर तुहिन मिश्रा ने मीडिया को बताया कि सुबह जब उनके पिता नाश्ता कर रहे थे, तभी उनकी तबीयत खराब होने लगी। परिवार ने कुछ समय इंतजार किया कि शायद वह ठीक हो जाएं, लेकिन हालत और खराब होती दिखी। तुरंत एंबुलेंस बुलाकर उन्हें अस्पताल ले जाया गया। वर्तमान में स्मृति के पिता डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उन्हें अस्पताल में ही रहना पड़ेगा।
पिता के स्वास्थ्य को देखते हुए शादी टली
क्योंकि स्मृति अपने पिता के बहुत करीब हैं, इसलिए उन्होंने फैसला किया कि वह शादी तभी करेंगी जब पिता पूरी तरह ठीक हो जाएं। इसी वजह से आज (रविवार) होने वाली शादी अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई है। मैनेजर ने लोगों और मीडिया से अनुरोध किया कि इस समय परिवार की निजता का सम्मान किया जाए।
जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं लोग
तुहिन मिश्रा ने बताया कि सभी लोग अचानक हुई इस घटना से सदमे में हैं। डॉक्टरों की ओर से कहा गया है कि स्मृति के पिता को कुछ समय तक अस्पताल में रखना जरूरी है। सभी लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
वर्ल्ड कप जीत के बाद मंधाना सुर्खियों में थीं
स्मृति मंधाना उस भारतीय टीम का हिस्सा थीं जिसने 2 नवंबर को पहली बार महिला वनडे वर्ल्ड कप जीता। टूर्नामेंट में मंधाना की बल्लेबाजी शानदार रही। फाइनल में भी उन्होंने शेफाली वर्मा के साथ शतकीय साझेदारी कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। वर्ल्ड कप जीतने के बाद पलाश मुच्छल मैदान में मंधाना के साथ जश्न मनाते दिखाई दिए थे।
