राजस्थान के जालोर जिले के सरवाना थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक दामाद ने अपनी ही सास की नाक काट दी और उनके सोने के गहने लेकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए गुजरात के मेहसाणा में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार के.आर. बंधाकुआ निवासी बाबूलाल ने सरवाना थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट में बताया गया कि उनकी पुत्री सरिता की शादी करीब चार साल पहले आरवा निवासी सोहनलाल विश्नोई से हुई थी। फिलहाल सरिता जोधपुर में पढ़ाई कर रही है।

परिवार के अनुसार पिछले तीन दिन से सरिता का फोन बंद था, जिससे बाबूलाल और उनकी पत्नी केली देवी चिंतित थे। इसी को लेकर दोनों शिकायत दर्ज कराने सरवाना थाने जा रहे थे। रिपोर्ट के अनुसार, जब बाबूलाल और उनकी पत्नी बालेरा माइनर के पास पहुंचे, तो एक कार ने उनकी गाड़ी रोक दी। कार में सोहनलाल विश्नोई और अन्य साथी सवार थे। आरोप है कि सभी ने केली देवी को जबरन गाड़ी से उतारा और उनके साथ मारपीट की।

इसी दौरान सोहनलाल ने कैंची से अपनी सास की नाक काट दी और उनके सोने का आभूषण निकालकर अपने साथियों के साथ फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल केली देवी को तुरंत इलाज के लिए मेहसाणा अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। इस घटना के बाद सरवाना थाना पुलिस ने दामाद सोहनलाल और चार अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बताया जा रहा है कि सरिता काफी समय से अपने ससुराल नहीं आ रही थी और हाल ही में उसकी दूसरी जगह शादी करने की सूचना ससुराल पक्ष को मिली थी। यही कारण रहा कि दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ा और दामाद ने यह सनसनीखेज वारदात की। पुलिस अब आरोपियों की तलाश और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।