इंदौर। आखिर सोनम रघुवंशी ने अपने पति को क्यों मारा? यह सवाल सबसे लाजमी है। जवाब है प्रेमी राज कुशवाहा की वजह से मारा। पर सोनम के भाई गोविंद ने बयान दिया है कि सोनम राज को राखी बांधती थी। उसके मोबाइल में दीदी के नाम से नंबर सेव था। यदि ऐसा है तो फिर क्या है हत्या की वजह? आखिर सोनम के और कौन से गहरे राज हैं, जो उसे इस हद तक ले गए कि वह बेदर्दी से अपने पति की हत्या कर बैठी। पढ़े खास खबर
सोनम कम पढ़ी लिखी थी, लेकिन तीन सालों से भाई गोविंद के कारोबार में मदद कर उसे आगे बढ़ाया। सोनम इंदौर का कामकाज संभालती थी। भाई गोंविद गुजरात का मार्केट देखने लगा था। सोनम अपने हिसाब से जिंदगी जीना चाहती थी। मंगल सिटी माॅल में उसकी फर्म के समीप ही उसने डेढ़ साल पहले बहती लहरों का टैटू भी बनवाया था, जो उसकी सोच को बताता है कि वह अपने हिसाब से रहना चाहती थी। जिंदगी में परिवार खलल डाले यह उसे मंजूर नहीं था।
सोनम को मंगल है, वो 26 साल की हो गई थी। परिवार के लोगों ने शादी का दबाव बनाया, तो सोनम ने अपने से पांच साल छोटे राज कुशवाह को सिर्फ पांच माह पहले अपना प्रेमी बना लिया। राज उसकी ही फर्म का कर्मचारी था। राज सिर्फ सोनम ही नहीं पूरे परिवार के प्रति समर्पित था। वह सोनम के परिवार की गाड़ियां भी चलाता था और पिता व मां को लेकर आता जाता था। सोनम को भी राज जैसा ही जीवन साथी चाहिए था, जो उसकी सुने, उससे दबकर रहे। उसके फैसलों का विरोध न कर पाए। राज ने हत्या कर यह साबित भी कर दिया। सोनम की सोच थी कि वह राज जैसे युवक से शादी कर अपने पारिवारिक बिजनेस को संभाले, दूसरी जगह शादी होने पर यह संभव नहीं था। जब राजा से रिश्ता पक्का हुआ था तो सोनम ने अपनी मां को कहा था कि तुम अपनी मर्जी कर कर लो। फिर देखो मैं क्या करती हूं…
सोनम को अपने पति की हत्या पर पछतावा नहीं हुआ। वह सिर्फ भाई के सामने रोई। गाजीपुर के सेंटर में सात घंटे की नींद निकाली। उसके व्यवहार को लेकर मनोरोग विशेषज्ञों से बात की तो उन्होंने कहा कि सोनम जैसे लोग एंटीसोशल पर्सनालिटी डिसऑर्डर का शिकार होते हैं। इस तरह के लोग गलत करने के बाद भी पछतावा नहीं करते। सोनम में भी यह लक्षण दिखे। गिरफ्तार होने के बाद वह रोई नहीं, बस उदास बैठी रही। इस डिसऑर्डर का शिकार लोग दूसरों की भावनाएं, अधिकारों को महत्व नहीं देते। वे दूसरों के साथ हेरफेर करने, उन्हें दबाकर रखने और धोखा देने का प्रयास करते हैं। शादी के बाद सोनम का बर्ताव राजा के साथ इसी तरह का रहा।