मुंबई। बॉलीवुड एक्ट्रेस सनी लियोनी अब बहुत जल्द साउथ इंडियन सिनेमा में भी नजर आने वाली हैं। उनकी पहली साउथ फिल्म का नाम होगा ‘विस्टा विलेज’। सनी लियोनी ने बताया कि इस फिल्म पर काम करना उनके लिए एक बेहद खास अनुभव रहा। उन्होंने कहा – “मलयालम भाषा सीखना मेरे लिए सबसे बड़ी चुनौती थी, लेकिन इससे मुझे अपने किरदार को समझने और उससे जुड़ने में काफी मदद मिली। कासरगोड (केरल) के खूबसूरत और कठिन इलाकों में शूटिंग करना यादगार रहा। वहां मुझे लोगों का बहुत प्यार मिला और इस वजह से यह प्रोजेक्ट मेरे लिए और भी खास बन गया।”

फिल्म चार भाषाओं में होगी रिलीज

‘विस्टा विलेज’ को सिर्फ मलयालम में ही नहीं, बल्कि तेलुगु, कन्नड़ और हिंदी भाषाओं में भी रिलीज किया जाएगा। इससे फिल्म का दायरा और बड़ा हो जाएगा और दर्शकों तक यह अलग-अलग भाषाओं में पहुंचेगी। फिल्म की कहानी पारिवारिक ड्रामा, कॉमेडी और सस्पेंस से जुड़ी है। इसे खासतौर पर युवा दर्शकों को ध्यान में रखकर लिखा गया है। इसमें मलयालम सिनेमा के लगभग 40 कलाकारों ने काम किया है। इसके साथ-साथ बॉलीवुड, कश्मीर, पंजाब और भारत के अन्य हिस्सों से भी कलाकार इस प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं।

निर्देशन और प्रोडक्शन

यह फिल्म डब्लूएम मूवीज प्रोडक्शन के बैनर तले बनाई जा रही है। फिल्म का निर्देशन पम्पल्ली कर रहे हैं। हाल ही में मेकर्स ने फिल्म के टाइटल लॉन्च की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की थीं।

फैंस में उत्साह…

यह सनी लियोनी की पहली साउथ इंडियन फिल्म है। फैंस उन्हें नए लुक और नए किरदार में देखने के लिए काफी उत्साहित हैं। फिल्म की रिलीज का सभी को बेसब्री से इंतजार है और माना जा रहा है कि यह साल की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक होगी।