मध्य प्रदेश के इंदौर के रहने वाले ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी मर्डर मामले में अरेस्ट सोनम रघुवंशी को शिलांग जिला जेल में रखा गया है। इस जेल में सोनम समेत 20 महिला कैदी हैं। सोनम दूसरी महिला कैदी है, जिसको मर्डर के मामले में बंद किया गया है। वहीं, जेल में कुल 496 कैदी हैं।

बता दें कि सोनम को जेल वार्डन के पास बनी बैरक में रखा गया है। उसकी निगरानी के लिए 3 कैदियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें से 2 कैदी वरिष्ठ हैं, जिनके खिलाफ ट्रायल चल रहा है। एक कैदी सजा काट रही है। वहीं, जेल प्रबंधन सीसीटीवी कैमरों के जरिए उस पर 24 घंटे निगरानी रख रहा है। वहीं, जेल प्रबंधन ने सोनम को वीक में एक बार फोन पर बात करने की परमिशन दी है। सूत्रों के मुताबिक अब तक हत्यारोपी पत्नी सोनम 3 बार किसी को कॉल कर चुकी है। अभी यह पता नहीं लग सका है कि सोनम ने जिससे बात की है, वह कौन है?

भाई तोड़ चुका है रिश्ते

सोनम का भाई गोविंद पहले ही कह चुका है कि बहन से उसके संबंध टूट चुके हैं। अगर सोनम दोषी साबित हुई तो वह राजा के परिजनों की मदद करेगा। ऐसे में माना जा रहा है कि सोनम ने शायद अपने माता-पिता से बात की हो।

वहीं, राजा की मां उमा रघुवंशी ने मामले में चौंकाने वाला खुलासा किया है। उमा के मुताबिक सोनम 4 लोगों के संपर्क में थी, ये चारों उसके फ्रेंड हैं, जिनसे उसके गहरे रिश्ते थे। एक आरोपी के साथ तो वह दिन-रात संपर्क में थी। मां ने पुलिस से मांग की है कि वह उससे पूछताछ करे। हो सकता है कि सोनम ने उसको मर्डर को लेकर पूरी जानकारी दी हो।

परिजनों ने की नार्को टेस्ट की मांग

परिजनों ने सोनम के नार्को टेस्ट की मांग भी की है। राजा के भाई विपिन नार्को टेस्ट की मांग को लेकर मेघालय के कोर्ट में याचिका भी दाखिल कर चुके हैं। विपिन के अनुसार राजा की मौत का पूरा सच वे जानना चाहते हैं। वे सोनम और उसके साथियों की कहानी से संतुष्ट नहीं हैं। बता दें कि राजा की 23 मई को हत्या हुई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले का खुलासा किया था।