नई दिल्ली: अगर आप ट्रेन में तत्काल टिकट (Tatkal Ticket) बुक करते हैं, तो अब आधार वेरिफिकेशन करवाना जरूरी हो गया है। रेलवे मंत्रालय ने बड़ा बदलाव करते हुए ऐलान किया है कि 1 जुलाई 2025 से बिना आधार सत्यापन के कोई भी यूजर Tatkal टिकट बुक नहीं कर सकेगा।

रेलवे मंत्रालय का फैसला
रेल मंत्रालय ने 10 जून 2025 को एक सर्कुलर जारी किया, जिसमें सभी रेलवे जोन को सूचित किया गया कि ये नया नियम आम यात्रियों को सुविधा देने और दलालों पर लगाम कसने के लिए लागू किया जा रहा है।

नए नियमों के मुख्य बिंदु:
1 जुलाई 2025 से: केवल वही यूजर्स IRCTC वेबसाइट या ऐप से Tatkal टिकट बुक कर पाएंगे जिनका IRCTC अकाउंट आधार से वेरिफाइड होगा।
15 जुलाई 2025 से: Tatkal बुकिंग करते समय आधार-आधारित OTP (वन टाइम पासवर्ड) वेरिफिकेशन भी जरूरी होगा।
टिकट एजेंटों पर रोक: रेलवे टिकट एजेंट अब Tatkal बुकिंग खुलने के 30 मिनट बाद तक टिकट बुक नहीं कर सकेंगे। AC क्लास के लिए सुबह 10:00 से 10:30 बजे तक। Non-AC क्लास के लिए सुबह 11:00 से 11:30 बजे तक एजेंट बुकिंग नहीं कर पाएंगे।

रेल मंत्री ने पहले ही दिए थे संकेत
4 जून को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया (X) पर इस बदलाव का संकेत देते हुए कहा था कि इससे ईमानदार यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में मदद मिलेगी और तत्काल टिकट प्रणाली अधिक पारदर्शी और साफ-सुथरी बनेगी।

कितने यूजर्स आधार से जुड़े?
IRCTC के पास 13 करोड़ से अधिक यूजर्स हैं, लेकिन इनमें से केवल 10% यूजर्स ही आधार वेरिफाइड हैं। रेलवे चाहता है कि यह संख्या बढ़े, ताकि फर्जी अकाउंट और दलालों पर रोक लगे।

क्यों लिया गया ये फैसला?
रेलवे का मानना है कि इससे केवल असल जरूरतमंद यात्री ही Tatkal टिकट बुक कर पाएंगे। बॉट्स और एजेंटों द्वारा टिकटों की जमाखोरी पर रोक लगेगी। Tatkal टिकट बुकिंग और पारदर्शी और सुरक्षित होगी।