मुख्यमंत्री शिवराज सिंह कमलनाथ से प्रतिदिन पूछ रहे सवाल
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ से प्रतिदिन सवाल पूछ रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार को भी मुख्यमंत्री ने कमलनाथ से सवाल पूछा है कि आप जब प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हैं, तब कितने किसानों को सब्जी, मसाला, औषधि एवं फूल उत्पादन के लिए पाली हाउस, ग्रीन हाउस बनानेे में मदद की। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने पिछले विधानसभा चुनाव में जनता से झूठे वादे किए थे। जो भी याद आया, उसे वचन पत्र में डाल दिया पर एक भी पूरा नहीं किया।
दरअसल कांग्रेस ने 2018 में विधानसभा चुनाव से पहले अपने वचन-पत्र में बहुत सारे वादे किए थे, लेकिन सवा साल प्रदेश में सरकार रहने वाले पूरा नहीं किया। अब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ उन्हीं वादों को 2023 में सरकार बनने पर पूरा करने का वादा करते हुए ट्वीट कर रहे हैं। इस पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कमलनाथ को पुराने वादे याद दिलाते हुए उनसे पूछते हैं कि आपने यह वादा क्यों पूरा नहीं किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान प्रतिदिन एक वादा कमलनाथ को याद दिलाते हैं।
विकास यात्रा बहुआयामी हो गई
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहार रविवार सुबह पौधा रोपने के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए विकास यात्रा को लेकर कहा कि यह अब बहुआयामी हो गई है। इसमें नवाचार भी हो रहे हैं। भोपाल में बहना सम्मेलन, सफाई कर्मियों की यात्रा हुई तो रायसेन में अंकुर अभियान, आंगनबाड़ी गोद लेने वालों का सम्मान, करियर काउंसलिंग हो रही है। दतिया में विकास प्रवक्ता नियुक्त किए गए हैं तो पानी बचाने के अभियान में नल की पूजा कर रहे हैं। हरदा में नहर चौपाल का आयोजन हो रहा है।
खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के लिए बनाएं व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलो इंडिया खेल सफलतापूर्वक संपन्न हुए। आठ शहरों में खेल हुए। सभी राज्यों के बच्चों ने बेहतर प्रदर्शन किया। 39 गोल्ड मैडेल सहित प्रदेश के बच्चों ने कुल 96 पदक जीते हैं। कई रिकार्ड टूटे हैं। कम प्रचलित खेलों में भी प्रदर्शन बेहतर रहा है। सबको प्रशिक्षण देने की व्यवस्था को लेकर खेल विभाग के साथ विचार करेेंगे।