मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में एक दर्दनाक और रहस्यमय घटना सामने आई है। जहां, बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे एक कार के अंदर युवक और युवती के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना शहर के ईसागढ़ रोड स्थित महाना गांव के पास की बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

कार की आगे वाली सीट पर पड़े थे दोनों
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो कार की आगे वाली सीट पर युवक और युवती के शव पड़े मिले। कार के अंदर काफी मात्रा में खून फैला हुआ था, जिससे मामला गंभीर नजर आया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि युवक के सिर में गोली लगने का निशान है। वहीं युवती के गले और शरीर पर धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि युवती की गला रेतकर हत्या की गई है।

कार से पिस्टल और पेपर कटर बरामद
जांच के दौरान पुलिस को कार के अंदर से एक पिस्टल और एक पेपर कटर भी मिला है। पुलिस इन दोनों चीजों को कब्जे में लेकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।

एक दिन पहले घर से लापता हुए थे दोनों
मृतकों की पहचान अशोकनगर निवासी 26 वर्षीय रितिक सोनी और 24 वर्षीय मुस्कान जैन के रूप में हुई है। मुस्कान, विवेक जैन की बेटी थीं। जानकारी के अनुसार, दोनों एक दिन पहले अपने-अपने घरों से लापता हो गए थे। काफी तलाश के बाद भी जब उनका पता नहीं चला तो परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

मोबाइल लोकेशन से पुलिस पहुंची घटनास्थल तक
गुमशुदगी की रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस करनी शुरू की। इसी दौरान पुलिस को उनकी लोकेशन महाना गांव के पास मिली। जब पुलिस वहां पहुंची तो कार के अंदर दोनों के शव मिले। शव खून से लथपथ थे। इसके बाद पुलिस ने मौके की जांच की और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

पुलिस टीम जांच में जुटी
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर यह मामला हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से देखा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी। पुलिस का कहना है कि सभी सबूतों और परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।