सागर : संभागीय मुख्यालय सागर पर कटरबाजी की घटनाएं थम नहीं रही है। ताज मामले में सागर में कक्षा 12वीं की छात्रा पर रेडियम कटर से हमला करने वाले युवक नीलेश पटेल का शव रेलवे ट्रेक पर मिला है। शव की हालत देखकर सुसाइड करने का संदेह हो रहा है। नीलेश ने शनिवार को दुर्गानगर निवासी नाबालिग लड़की पर रेडियम कटर से दर्जनों वार किए थे, जिससे उसे 100 टांके आए थे और उसका बीएमसी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस नीलेश की तलाश में जुटी थी ।शव मिलने से अब एक नया मोड़ आ गया है। इस मामले के आरोपी युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
उपनगरमकरोनिया के रजाखेड़ी इलाके में रहने वाली 17 वर्षीय छात्रा शनिवार को कक्षा 12वीं का आखिरी पेपर देकर अपने घर वापस लौट रही थी। तभी सेमरा बाग के पास आरोपी नीलेश उसे मिला। दोनों के बीच कहासुनी हुई और विवाद होने लगा। इसी दौरान आरोपी ने रेडियम कटर से छात्रा पर हमला कर दिया। एक के बाद एक कई घाव मारे। जिससे छात्रा लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गई। वारदात कर आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल छात्रा को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। छात्रा की पीठ, चेहरा और कंधे पर गंभीर घाव लगे हैं। करीब 100 टांके आए है। जिससे उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। छात्रा के परिजनों के अनुसार आरोपी नीलेश पटेल तीन सालों से परेशान कर रहा था। इसकी शिकायत भी की। लेकिन नीलेश अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। एक तरफा प्रेम प्रसंग में उसने कटर से हमले किए।

आरोपी का शव मिलने से मचा हड़कंप
घटना के बाद से ही आरोपी नीलेश फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इसी बीच आज रविवार को उसका शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया । आरोपी नीलेश पटेल का शव रविवार सुबह करीब 7 बजे रजाखेड़ी के पास रेलवे ट्रैक पर मिला है। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

आत्महत्या की आशंका
प्रारंभिक तौर पर पुलिस इस मामले को आत्महत्या से जोड़कर देख रही है, हालांकि अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि मौके से कोई सुसाइड नोट मिला है या नहीं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
मृतक के परिजनों ने जांच की मांग की
वहीं मृतक के परिजनों ने इस मामले में हत्या की आशंका जताई है। मृतक निकेश पटेल के मौसेरे भाई प्रमोद पटेल का कहना है कि नीलेश पटेल और छात्रा के बीच पिछले तीन से चार साल से प्रेम संबंध था। बीच में दोनों पहले भी विवाद हुआ था फिर सुलह हो गई थी। उनका आरोप है कि छात्रा पर हमले की घटना के बाद युवक गायब था और संभव है कि उसे युवती के परिजनों ने मारकर रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया हो। फिलहाल मकरोनिया थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
