खंडवा ।  ससुराल पहुंचने से पहले ही रास्ते से दुल्हन के जेवरात लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। घटना खंडवा की है जहां नीमच का दूल्हा लुटेरी दुल्हन का शिकार हुआ। रास्ते में बाइक सवार ने लिफ्ट के बहाने दुल्हा दुल्हन की कार को रुकवाया और जैसे ही कार रुकी दुल्हन कार से उतरकर बाइक पर बैठी और दोनों फरार हो गए। दूल्हे व अन्य लोगों ने बाइक का पीछा भी किया लेकिन वो उन्हें पकड़ नहीं पाए जिसके बाद पुलिस में मामले की शिकायत दर्ज कराई।

ये है पूरा मामला
जावर पुलिस के अनुसार नीमच जिले के बरखेड़ी गांव के रहने वाले पप्पू सिंह राजपूत की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। युवक ने लुटेरी दुल्हन का नाम प्रियंका पाटीदार निवासी छोटा बोरगांव बताया। लेकिन बोरगांव में पूछताछ की तो इस नाम की लड़की नहीं मिली। युवक के पास कोर्ट मैरिज के कागज भी नहीं है। युवक पप्पू सिंह ने बताया कि बताया कि उसने दुल्हन को दो लाख के जेवर दिए थे और जैसे ही अपने घर ले जा रहा था तभी रास्ते में एक बाइक सवार ने लिफ्ट के बहाने कार को रुकवाया। इसी दौरान दुल्हन कार से उतरकर बाइक पर बैठी और दोनों भाग निकले।

6 महीने पहले तय हुआ था रिश्ता
लुटेरी दुल्हन का शिकार हुए पप्पू सिंह ने पुलिस को बताया कि करीब 6 महीने पहले उसकी बहन मूंदी के गांव अवालिया में एक शादी में गई थी। इसी दौरान शादी की बात चली तो कैलाश कोरकू नाम के शख्स ने प्रियंका के बारे में बताया था और शादी की बात आगे बढ़ी थी। पप्पू ने ये भी कहा कि उसने कोर्ट मैरिज के लिए प्रियंका से आधार कार्ड मांगा था तो उसने आधार कार्ड न होने की बात कही थी तब उसे लुटेरी दुल्हन का शक हुआ था लेकिन वो तब तक लाखों रुपए दे चुका था। इसलिए उसने शादी करना ही ठीक समझा। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है और जल्द लुटेरी दुल्हन को गिरफ्तार करने की बात कह रही है।