भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के परिसर में संविधान निर्माता, भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की स्थापित प्रतिमा का आज सुबह अनावरण हो गया है। विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रतिमा का अनावरण किया है। अनावरण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान से भारत चल रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मैं संविधान के अनुरूप ही सरकारें चला रहे हैं और देश को विकास के पथ पर आगे ले जा रहे हैं। भारत रत्न डॉ. अंबेडकर को आजादी के बाद उतना सम्मान नहीं दिया गया, जितने सम्मान के वे हकदार थे। आजादी के बाद सिर्फ एक परिवार को ही महिमामंडित करने का कार्य किया गया। अनावरण समारोह में संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा और अन्य नेतागण उपस्थित रहे।
समारोह में विधानसभा की सभी समितियों के सभापतियों, विधयकों को आमंत्रित किया गया था। कुछ मंत्री, विधायकों के साथ बड़ी संख्या में सामाजिक एवं अन्य गणमान्य नागरिकों के साथ विधानसभा सचिवालय के अधिकारी व कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे।
