बालाघाट. एमपी के बालाघाट स्थित लिम्देवाड़ा में प्रेमिका ने शादी करने की जिद की, जिसपर प्रेमी ने पहले तो रिश्तेदारी का हवाला देते हुए समझाइश देने की कोशिश की. प्रेमिका जब नहीं मानी तो पर गांगुलपारा व बंजारी के बीच जंगल में ले जाकर प्रेमी ने हत्या कर दी. युवती की हत्या का खुलासा उस वक्त हुआ जब ग्रामीणजन जंगल से गुजरे. पुलिस ने मामले में प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो घटनाक्रम सामने आ गया.
पुलिस के अनुसार लिम्देवाड़ा गांव जिला बालाघाट में रहने वाली युवती पूर्णिमा उम्र 23 वर्ष के अपने भाई के साले गिरिजाशंकर निवासी मोहगांव कलाखारा से प्रेमसंबंध रहे. दोनों के बीच चल रहे प्रेमसंबंध की जानकारी जब परिजनों को लगी तो उन्होने विरोध करते हुए पूर्णिमा को समझाने की कोशिश की लेकिन लेकिन पूर्णिमा ने गिरिजाशंकर से ही शादी करने की जिद की. परिजन तैयार नहीं हुए और पूर्णिमा की शादी ग्राम सारद सिवनी में तय कर दी. 22 अप्रेल को पूर्णिमा की शादी थी, घर पर शादी की तैयारियां भी शुरु हो गई. पिछले दिनों परिजन शादी के कार्ड बांटने के लिए घर से निकले, इस बीच पूर्णिमा भी सिलाई क्लास जाने का कहकर घर से निकली और गिरिजाशंकर के साथ गांगुलपारा व बंजारी के बीच जंगल में पहुंच गई. जहां पर पूर्णिमा ने गिरिजा शंकर से शादी करने की जिद की. जिसपर गिरिजाशंकर ने समझाइश देते हुए कहा कि तुम्हारा विवाद तय हो गया है, रिश्तेदारी का मामला है. घर वालों की मर्जी से शादी करो. गिरिजाशंकर की बात सुनकर पूर्णिमा भड़क गई और गुस्से से आगबबूला हो गई. जिसपर गिरिजाशंकर ने दुपट्टे से गला घोंटकर पूर्णिमा की हत्या कर दी. हत्या के बाद लाश को जंगल में छोड़कर भाग निकला.
इधर शाम तक पूर्णिमा के घर न आने से परिजन परेशान हो गए, उन्होने अपने स्तर पर तलाश की लेकिन कहीं पता नहीं चला. जिसपर पुलिस थाना पहुंचकर जानकारी दी. पुलिस ने गुम इंसान का मामला कायम कर तलाश शुरु कर दी. बीते दिन पूर्णिमा की लाश जंगल में मिली, देखा तो लाश पूरी तरह से गल चुकी थी. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर गिरिजा शंकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने वारदात को अंजाम देना स्वीकार लिया. पुलिस ने गिरिजाशंकर को गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज कर लिया.
22 अप्रेल को मृतका की थी शादी-
पुलिस को पूछताछ में परिजनों ने बताया कि पूर्णिमा की 22 अप्रेल को शादी थी, शादी के कार्ड रिश्तेदारों से लेकर परिचितों तक में बंट चुके थे. इस बीच पूर्णिमा गायब हो गई, वे अपने स्तर पर तलाश करते रहे. कोई जानकारी नहीं मिली थी, फिर उसकी लाश मिलने की खबर से परिजन स्तब्ध रह गए.
