इंदौर के चर्चित केस राजा रघुवंशी हत्याकांड के बाद देशभर में “पति, पत्नी और वो” की कहानियां सोशल मीडिया से लेकर न्यूज चैनलों तक छाई हुई हैं। इसी कड़ी में अब उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से एक ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हैरानी में डाल दिया है। दरअसल, यहां नैनी थाना क्षेत्र के यमुनागर जोन की रहने वाली एक नई-नवेली दुल्हन ने सुहागरात पर अपने पति को चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। जिसके बाद से यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। आइए जानते है इस पूरी खबर को विस्तार से…
पत्नी का किसी अमन नाम के युवक से अफेयर
आपको बता दें कि प्रयागराज के नैनी थाना क्षेत्र के यमुनानगर जोन की रहने वाली एक नई-नवेली दुल्हन ने सुहागरात पर अपने पति को चाकू दिखाकर धमकी दी। पति कप्तान निषाद ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी सितारा का किसी अमन नाम के युवक से अफेयर है। इसी वजह से उसने शादी की पहली ही रात पति को छूने से मना कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वह कुछ दिनों बाद घर से दीवार फांदकर फरार हो गई।
हनीमून पर जाने से इनकार कर बचाई जान
पति कप्तान ने बताया कि पत्नी हनीमून पर केदारनाथ चलने का ज़ोर डाल रही थी। लेकिन कप्तान को इंदौर का राजा रघुवंशी हत्याकांड याद आ गया, जिसमें पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी थी। इसी शक के चलते कप्तान ने केदारनाथ न जाने का फैसला किया और उसे यकीन है कि इसी फैसले ने उसकी जान बचा ली।
दीवार फांदकर भागी बहू, घटना CCTV में कैद
शादी के कुछ समय बाद दोनों परिवारों के बीच सुलह हो गई थी और लड़की दोबारा ससुराल लौट आई थी। लेकिन पत्नी सितारा एक बार फिर अपने प्रेमी के प्यार में डूब गई और एक दिन अचानक दीवार कूदकर ससुराल से भाग गई। यह पूरी घटना CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिससे पूरे मामले की पुष्टि हुई है।
बहू ने तोड़ दिए अरमान… सास
कप्तान की मां शांति देवी ने कहा कि उन्होंने बड़े अरमानों से बहू घर लाई थी, लेकिन बहू ने घर की इज्जत और विश्वास दोनों को तोड़ दिया। शांति देवी का कहना है कि अच्छा हुआ वक्त रहते सब पता चल गया, नहीं तो इकलौते बेटे की जान भी जा सकती थी।
पुलिस कर रही है जांच
इस मामले में स्थानीय पुलिस भी सक्रिय हो गई है। एसीपी करछना अरुण कुमार त्रिपाठी ने जानकारी दी कि नैनी थाने में पारिवारिक विवाद की शिकायत मिली है और इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फिलहाल दुल्हन की तलाश जारी है।
