भोपाल । शहर में बीत रात ढ़ाई बजे से आज सुबह 9 बजे तक जमकर बारिश हुई और कहीं-कहीं ओले भी गिरे हैं। इसके चलते आज सुबह 9 बजे तक राजधानी में बारिश होती रही।

बीते चौबीस घंटों की बात करें तो शहर में 40 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। बारिश से बीती रात न्यूनतम तापमान 15 डिग्री रिकार्ड किया गया,  लेकिन आज दिन के अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री की गिरावट आ सकती है। आज दिन का अधिकतम तापमान 24 डिग्री के आसपास रह सकता है। कल शहर का अधिकतम तामपान 28.3 डिग्री था, जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक था। रातभर हुई बारिश से शहर की फिजा रूमानी हो गई।

मौसम का लुत्फ लेने के लिए सुबह बड़ी संख्या में सैलानी घुमने निकले। मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि शहर में 10 जनवरी तक मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश और ओले गिर सकते हैं। क्योंकि एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ बने हुए हैं। इस कारण बारिश का सिलसिला अभी थमेगा नहीं। 10 जनवरी के बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी। इसके बाद ही  कड़ाके की ठंड पड़ेगी।

वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ यानी डब्ल्यूडी के कारण मौसम ने करवट ली है। अफगानिस्तान के पास एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। यह समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई सक्रिय है। इसके प्रभाव से राजस्थान के ऊपर चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है। एक बारे पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान, पंजाब क्षेत्र में चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में अव्यवस्थित है। एक आरे चक्रवातीय परिसंचरण अभी दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के ऊपर सक्रिय है।