मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर जिले में उस समय हड़कंप मच गया जब अतिक्रमण हटाने पहुंचीं पुलिस और प्रशासनिक टीम पर हमला हो गया। इस दौरान एक महिला पुलिसकर्मी समेत दो महिलाएं घायल हो गईं। यह घटना RCCPL सीमेंट कंपनी की खदान जमीन को खाली कराने के दौरान हुई। इसी दौरान जब जेसीबी से अतिक्रमित मकान को गिराया जा रहा था, तो विवाद बढ़ गया और मकान मालिक के परिवार ने हमला कर दिया। जिसमें महिला आरक्षक पूर्णिमा सिंह और सिक्योरिटी गार्ड उमा दाहिया घायल हो गईं। यह घटना बदेरा थाना क्षेत्र के ग्राम सरेड़ा में मंगलवार दोपहर को हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार लखन पटेल नामक व्यक्ति को मुआवजा मिलने के बावजूद उसने खदान की जमीन खाली नहीं की थी। ऐसे में सिविल कोर्ट द्वारा बेदखली आदेश जारी होने के बाद खदान प्रबंधन, पुलिस बल, राजस्व अमला और सुरक्षा गार्ड मौके पर पहुंचे थे और उन्होंने मकान गिराने की कार्रवाई शुरू कर दी।
मैहर पुलिस टीम पर हमला, महिला कांस्टेबल समेत दो जख्मी
इसी दौरान लखन पटेल की बुजुर्ग मां ने महिला आरक्षक पूर्णिमा सिंह पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर से खून बहने लगा। वहीं लखन की पत्नी ने महिला गार्ड उमा दाहिया को दांतों से काट लिया। जिसके बाद दोनों घायलों को मौके से एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया।
थाना प्रभारी अभिषेक सिंह के जानकारी अनुसार खदान क्षेत्र में केवल एक ही अतिक्रमित मकान बचा हुआ था, जिसे न्यायालय के आदेश और सुरक्षा कारणों के तहत हटाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम पर हमला हो गया। इस घटना को लेकर पुलिस ने लखन पटेल सहित पांच लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारी ने कहा कि दो महिलाएं जो कि रिश्ते में सास-बहू हैं, उन्हें भी आरोपी बनाया जा रहा है, जिनके नाम जांच के बाद स्पष्ट होंगे।
