कानपुर से जुड़ा एक वीडियो पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था। दरअसल इस वीडियो में एक पुरुष और महिला को एक-दूसरे को माला पहनाते हुए और कोर्ट मैरिज जैसे दस्तावेजों के साथ खड़ा देखा गया। वीडियो के साथ दावा किया जा रहा था कि यह शादी सास और दामाद के बीच हुई है, जिसने इंटरनेट पर भारी विवाद और चर्चा को जन्म दिया।

इस वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग राय सामने आई। कुछ लोगों ने इसे भारतीय परंपराओं के खिलाफ बताया और इसकी आलोचना की। वहीं कुछ लोगों का कहना था कि यह उनका निजी मामला है और किसी के व्यक्तिगत फैसले पर सवाल नहीं उठाना चाहिए।
विवाद और बहस का माहौल
जैसे-जैसे वीडियो वायरल होता गया, वैसे-वैसे इस पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई यूजर्स ने इसे संस्कृति के खिलाफ कदम बताया तो कुछ ने इसे प्यार और सहमति का मामला कहकर समर्थन किया। इस पूरे विवाद ने सोशल मीडिया पर रिश्तों और मर्यादा को लेकर एक नई बहस छेड़ दी।
अब इस मामले में एक नया मोड़ सामने आया है। राजू नायक नाम के एक युवक ने सामने आकर कहा है कि वायरल हो रही बातें गलत हैं और यह पूरी तरह अफवाह है। उसने एक वीडियो में बताया कि सोशल मीडिया पर जिस व्यक्ति को दिखाया जा रहा है, वह वही है, लेकिन साथ में दिख रही महिला उसकी पत्नी है, सास नहीं।
राजू नायक का कहना है कि इस वीडियो को गलत तरीके से समझा गया और बिना जांच के इसे सास-दामाद की शादी बताकर फैला दिया गया। इसके कारण उसकी छवि को काफी नुकसान हुआ है।
भावुक होकर बताई पीड़ा
युवक ने भावुक होते हुए कहा कि इस अफवाह के कारण उसका जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। उसके मुताबिक, समाज में उसकी छवि खराब हो गई है, लोग उससे दूरी बनाने लगे हैं और यहां तक कि उसके पारिवारिक रिश्तों पर भी असर पड़ा है। उसने यह भी दावा किया कि इस विवाद के चलते उसकी पत्नी घर छोड़कर चली गई है।
कहां का रहने वाला है पीड़ित राजू
राजू नायक ने यह भी साफ कहा है कि उसका कानपुर से कोई लेना-देना नहीं है। उसने बताया कि वह राजस्थान के बड़गांव का रहने वाला है। उसका कहना है कि वायरल वीडियो को गलत तरीके से कानपुर से जोड़ दिया गया, जो बिल्कुल गलत है।
इसके साथ हीं युवक ने लोगों से हाथ जोड़कर अपील की है कि किसी भी वायरल वीडियो या खबर को बिना सत्यापन के आगे न बढ़ाएं। उसने कहा कि एक गलत अफवाह किसी भी इंसान की जिंदगी, परिवार और समाज में उसकी पहचान को बर्बाद कर सकती है।
सोशल मीडिया पर फिर उठे सवाल
इस घटना के बाद एक बार फिर सोशल मीडिया की जिम्मेदारी पर सवाल उठने लगे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि बिना जांचे-परखे किसी भी वीडियो को शेयर करना गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है और ऐसे मामलों में साइबर जागरूकता बेहद जरूरी है।
