मध्य प्रदेश के इंदौर के रहने वाले ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी हत्याकांड में पुलिस को लगातार चौंकाने वाली बातें पता लग रही हैं। पुलिस ने सबूतों को मिटाने के आरोपी प्रॉपर्टी ब्रोकर सिलोम जेम्स से पूछताछ के बाद बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने हत्यारोपी पत्नी सोनम और उसके प्रेमी राज कुशवाहा का सामान चुराने की बात कबूल कर ली है।
आरोपी ने ये सब एक वकील और एसआई की सलाह पर किया था। आरोपी को सोनम के बैग से 5 लाख रुपये मिले थे, जिसका बंटवारा कर लिया था। आरोपी ने एक वकील को बतौर फीस के तौर पर ढाई लाख रुपये दिए थे। शेष ढाई लाख रुपये बिल्डर लोकेंद्र तोमर को दिए गए थे। सिलोम के हिस्से में ज्वेलरी आई थी। सूत्रों के मुताबिक मेघालय पुलिस की एसआईटी सोमवार रात को सिलोम को अपने साथ शिलॉन्ग ले गई है।
वकील और एसआई की भूमिका आई सामने
सिलोम ने खुलासा किया था कि सोनम वारदात के बाद इंदौर के फ्लैट में रुकी थी। उसके खाली करने से पहले उसने एक वकील को वारदात के बारे में बताया था, जिसने उसे सामान को हटा लेने की सलाह दी थी। वकील ने सोनम को भरोसा दिया था कि वह उसे गिरफ्तारी से बचा लेगा। एक पुलिस अधिकारी (SI) को भी मामले के बारे में बताया था, जिसने भी फ्लैट खाली करने को कहा था। हालांकि पुलिस ने वकील और एसआई से पूछताछ नहीं की है।
पुलिस ने मामले में सिलोम की वाइफ सोनाली से भी पूछताछ की है। हालांकि सोनाली ने बयान दिए हैं कि सिलोम कब रतलाम गया, कहां गहने छिपाए, वह नहीं जानती? सिलोम रेंट पर बिल्डिंग दिलवाता है। रतलाम उसकी ससुराल है। पुलिस के अनुसार हनीमून पर जाने के लिए सोनम ने लैपटॉप के जरिए शिलॉन्ग का टिकट बुक किया था।
सुपारी लेकर की थी हत्या
उसके लैपटॉप को पुलिस जब्त कर चुकी है, जिससे कुछ नए खुलासे हो सकते हैं। मामले में पुलिस राजा की वाइफ सोनम, उसके प्रेमी राज कुशवाह और विशाल, आकाश, आनंद, सिलोम जेम्स, लोकेंद्र तोमर और चौकीदार बलवीर को अरेस्ट कर चुकी है। बता दें कि हत्या को विशाल, आकाश और आनंद ने सुपारी लेकर अंजाम दिया था।
