इंदौर। मध्यप्रदेश के खरगौन शहर में रामनवमी के दिन उत्पन्न हुई तनाव की स्थिति अब तेजी से सामान्य हो रही है। संभागायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा द्वारा आईजी राकेश गुप्ता के साथ निरंतर शहर के संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर पूर्ण शक्ति के साथ कर्फ्यू के नियमों का पालन कराया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को संभागायुक्त डॉ. शर्मा एवं आईजी गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस बल द्वारा शहर में फ्लैग मार्च भी निकाला गया।
संभागायुक्त डॉ. शर्मा ने खरगौन की अद्यतन स्थिति की जानकारी देते हुए कहा कि शहर में लगातार स्थिति का विश्लेषण किया जा रहा है। शहर को नॉर्मलसी की ओर ले जाना शासन-प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि गत दिवस से खरगौन शहर में कर्फ्यू में थोड़ी छूट दी गई है, जिसके तहत सुबह दस बजे से 12 बजे एवं दोपहर तीन बजे से शाम 5 बजे तक लोगों को आवश्यक वस्तुएं खरीदने की अनुमति दी गई है। महिलाओं के साथ-साथ पुरुषों को भी यह छूट मिल रही है।
उन्होंने कहा कि छूट के दौरान लोग नियमों का पूर्ण रुप से पालन कर रहे हैं, जिसे देखते हुए लग रहा है कि खरगोन का सौहार्दपूर्ण वातावरण वापस लौट रहा है। उन्होंने बताया कि खरगोन में सभी धर्म गुरुओं के साथ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार बैठक ली जा रही है और शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए उनका पूरा सहयोग प्राप्त हो रहा है। उन्होंने बताया कि खरगौन शहर में अभी कुछ दिनों तक रात्रि कर्फ्यू जारी रहेगा, लेकिन दिन के कर्फ्यू में जल्द ही राहत प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान के निर्देशों के अनुपालन में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा खरगौन शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजनों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। दिन के कर्फ्यू में भी लोगों को छूट प्रदान की जा रही हैं। यह छूट महिला एवं पुरुषों दोनों को मिल रही है। छूट की अवधि में दुकानदारों को अत्यावश्यक सामग्री के अलावा इलेक्ट्रिक रिपेयरिंग दुकानें, मिष्ठान और नमकीन की दुकाने खोलने की भी अनुमति प्रदान की गई है।
इसी तरह प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा धर्म गुरुओं का सहयोग प्राप्त करने के लिये सतत रूप से बैठक ली जा रही है। धर्म गुरुओं द्वारा शहर की शांति के लिए प्रशासन का सहयोग करने की सहमति दी गयी है। उन्होंने प्रशासन का सहयोग करते हुए घरों में ही रहकर त्योहार मनाने एवं नमाज पढ़ने की बात पर सहमती दी है।
रामनवमी के दिन उत्पन्न हुए तनाव में आमजनों की चल और अचल संपत्ति को हुई क्षति की भरपाई करने के लिए भी जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न माध्यमों से जानकारी एकत्रित की जा रही है। पथराव में नागरिकों को हुई आर्थिक क्षति की भरपाई के लिए कलेक्टर अनुग्रहा पी. द्वारा व्हाट्सएप पर भी नागरिकों से उक्त जानकारी देने की अपील की गयी है। खरगौन तहसीलदार योगेन्द्र मौर्य के व्हाट्सअप नम्बर 9425344101 पर उक्त जानकारी दी जा सकती है।
कलेक्टर अनुग्रहा पी. के निर्देशो पर बुधवार को ही शहर में सर्वे कार्य प्रारम्भ किया जा चुका है। जो लोग छूट गए हैं, वे सर्वे कर रहे दल को भी जानकारी दे सकते हैं। इसके अलावा व्हाटसअप पर भी फार्म भरकर या प्रारूप के अनुसार जानकारी दी जा सकती है। इसी तरह शहर में कलेक्टर अनुग्रहा पी. द्वारा कंट्रोल रूम स्थापित करने के आदेश भी जारी किए गए हैं। कंट्रोल रूम के नम्बर 7282232728 पर कोई भी व्यक्ति सहायता के लिए या जानकारी के लिए संपर्क कर सकता है। इसके अलावा प्रभावित इलाकों की दीवारों पर सहायता नम्बर भी लिखे गए हैं।
