नई दिल्ली: दिल्ली के साउथ ईस्ट क्षेत्र के जैतपुर इलाके में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। भारी बारिश के कारण एक घर की दीवार गिर गई, जिससे कई लोग मलबे में दब गए। इस हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत हो गई है और 8 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में 3 पुरुष, 2 महिलाएं और 2 बच्चियां शामिल हैं।
राहत कार्य में जुटी रेस्क्यू टीम
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग और रेस्क्यू टीम ने राहत कार्य शुरू किया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भेजा गया, जहां इलाज के दौरान 3 लोगों की और मौत हो गई। हादसे में घायल 5 लोगों को सफदरजंग अस्पताल लाया गया था, जहां 3 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 3 अन्य घायलों को एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उनकी भी मौत हो गई। एक और घायल व्यक्ति हाशिबुल का इलाज सफदरजंग अस्पताल में जारी है।
मृतकों की पहचान
इस हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत हो गई है। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान 30 वर्षीय शबीबुल, 30 वर्षीय रबीबुल और 45 वर्षीय मुत्तु अली के रुप में हुई है। हादसे में 2 महिलाएं और 3 बच्चियां भी शामिल हैं जिनकी पहचान 25 वर्षीय रुबीना, 25 वर्षीय डॉली, 6 वर्षीय रुखसाना और 7 वर्षीय हसीना के रुप में हुई है।
भारी बारिश के कारण हुई घटना
स्थानीय निवासी आनंद जायसवाल ने बताया कि हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत मलबा हटाना शुरू किया और फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने में मदद की। उन्होंने इसे “बेहद दर्दनाक” हादसा बताया, क्योंकि अधिकांश लोग मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए थे। यह घटना इलाके में भारी बारिश के कारण हुई, जिससे दीवार का दबाव बढ़ गया और वह गिर गई। राहत कार्य जारी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
