खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा में किन्नरों की गुरु वाहिद अहमद उर्फ सितारा ने इस्लाम धर्म त्याग दिया और सनातन धर्म अपना लिया। उनके इस फैसले की चर्चा पूरे खंडवा में हो रही है। वाहिद को सनातन धर्म अपनाने के बाद नया नाम भी मिला है। अब वह सीता के नाम से जानी जाएंगी। खंडवा में किन्नरों की गुरु वाहिद अहमद उर्फ सितारा गुरु ने सनातन धर्म में घर वापसी कर ली है। सितारा पहले वाहिद अहमद थीं, इसके बाद वह किन्नर होकर सितारा गुरु के नाम से पहचानी जाने लगी थीं। किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर सौम्या सखी ने खंडवा के अतिप्राचीन महादेवगढ़ मंदिर पर विधि–विधान से सितारा गुरु को सनातन धर्म में घर वापसी करने में सहयोग किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महादेवगढ़ मंदिर के पुजारी द्वारा प्रायश्चित हवन करवाकर सितारा गुरु की सनातन धर्म में घर वापसी करवाई गई। अब वह सितारा गुरु से सीता बन गई हैं। सितारा गुरु के हिंदू धर्म अपनाने पर कई किन्नर भी महादेवगढ़ पहुंचे और उन्होंने वहां जमकर जश्न मनाया।
