श्योपुर। लोकायुक्त पुलिस ग्वालियर ने श्योपुर जेल के दो प्रहरियों को गुरुवार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। दोनों प्रहरी जेल में बंद एक बंदी से मिलवाने के लिए उसके बेटे से 10 और 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़े गए हैं।
श्योपुर जेल में बंद एक विचाराधीन कैदी से मिलने उसका बेटा आता था, लेकिन जेल प्रहरी बंटी मीना और बालमुकुन्द शर्मा उससे पैसे की मांग कर रहे थे। सूरज शर्मा ने लोकायुक्त पुलिस एसपी संजीव सिंहा से शिकायत करते हुए कहा कि वह रिश्वत देने को तैयार नहीं है, जबकि दोनों जेल प्रहरी बिना रिश्वत के उसे पिता से नहीं मिलने दे रहे हैं। इसके बाद एसपी लोकायुक्त ने डीएसपी धर्मवीर सिंह भदौरिया एवं डीएसपी प्रद्युम्न पाराशर को यह मामला सौंपा।
लोकायुक्त पुलिस ने दोनों प्रहरियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाते हुए शिकायतकर्ता सूरज शर्मा को रिश्वत की राशि लेकर भेजा। सूरज शर्मा ने जेल प्रहरी बंटी मीणा और बालमुकुंद शर्मा को रिश्वत की राशि देकर लोकायुक्त टीम को इशारा कर दिया। आसपास मौजूद लोकायुक्त टीम ने बंटी मीणा और बालमुकुंद शर्मा को रिश्वत की राशि के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
