भोपाल। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार देर शाम भोपाल प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से सौजन्य भेंट की और उन्हें जन्मदिन की अग्रिम बधाई दी। इस मौके पर प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय भी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का रविवार, 05 मार्च को 64वां जन्मदिन है। केन्द्रीय मंत्री तोमर, सिंधिया के साथ विजयवर्गीय और गृह मंत्री डॉ. मिश्रा शनिवार देर शाम मुख्यमंत्री निवास पहुंचे और मुख्यमंत्री चौहान को पुष्पगुच्छ भेंट कर जन्म-दिन की अग्रिम बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री चौहान ने ट्वीट के माध्यम से इसकी जानकारी साझा करते हुए कहा कि मैं आप सबकी अमूल्य शुभकामनाओं के लिए हृदय की गहराइयों से आभार प्रकट करता हूं।
