नई दिल्ली। दिल्ली के पटेल नगर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां, एक घरेलू सहायिका (कामवाली) ने बाथरूम में बच्चे को जन्म देने के बाद उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को कूड़े में फेंक दिया। इसके बाद 28 जुलाई को वेस्ट पटेल नगर के एक फ्लैट की पार्किंग में प्लास्टिक की थैली में बंद एक नवजात बच्चे का शव मिला। सफाईकर्मी को यह थैला मिला, जिसके बाद मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

आरोपी महिला 2023 से उसी घर में काम कर रही थी
जांच के दौरान पता चला कि (उत्तर प्रदेश) की रहने वाली 26 साल की रोशनी नाम की महिला इस घर में 2023 से काम कर रही थी। पुलिस को शक हुआ कि बच्चा उसी का हो सकता है। जब उससे पूछताछ की गई तो उसने सब कुछ कबूल कर लिया। जिसके बाद पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया।

प्रेमी ने साथ देने से किया मना
रोशनी ने बताया कि नवंबर 2024 में जब वह अपने गांव गई थी, तो वहां उसके एक पुरुष दोस्त से संबंध बने और वह गर्भवती हो गई। जब उसने इस बारे में उस दोस्त को बताया, तो उसने किसी भी तरह की जिम्मेदारी लेने से इंकार कर दिया। रोशनी की पहले शादी हो चुकी थी, लेकिन 2021 में उसका तलाक हो गया था।

बाथरूम में दिया बच्चे को जन्म
मकान मालिक 26 जुलाई को घर पर नहीं थे, वे पार्टी में गए हुए थे। उसी दिन रोशनी को प्रसव पीड़ा हुई। उसने बाथरूम में बच्चे को जन्म दिया, लेकिन समाज में बदनामी और डर के कारण उसने कपड़े से बच्चे का गला घोंट दिया। फिर शव को एक प्लास्टिक की थैली में भरकर कूड़े फेंकने की जगह पर छोड़ दिया।

पोस्टमार्टम से हुई पुष्टि
राम मनोहर लोहिया अस्पताल में 29 जुलाई को नवजात के शव का पोस्टमार्टम हुआ, जिसमें यह साफ हो गया कि बच्चे की गला दबाकर हत्या की गई थी।

हत्या का केस दर्ज 
पुलिस ने पटेल नगर थाने में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का केस दर्ज किया है। आरोपी महिला को पहले LNJP अस्पताल के सखी वन स्टॉप सेंटर में रखा गया। अब उसका बयान मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज किया जाएगा।

प्रेमी को भी किया जाएगा तलब
पुलिस ने बताया कि जिस व्यक्ति से रोशनी गर्भवती हुई थी, उसे भी पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। अगर जांच में वह दोषी पाया गया, तो उसकी भी गिरफ्तारी हो सकती है।