श्योपुर। कौन बनेगा करोड़पति (KBC) में 50 लाख रुपये जीतकर चर्चा में आई महिला तहसीलदार को बाढ़ राहत से जुड़े कथित घोटाले में गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के अनुसार आरोपी तहसीलदार अमृता सिंह तोमर को ग्वालियर से पकड़ा गया।
बताया गया कि वर्ष 2021 में बड़ौदा तहसील में करीब 2.5 करोड़ रुपये के बाढ़ राहत घोटाले के मामले में उनकी कथित संलिप्तता सामने आई थी। गिरफ्तारी के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेजते हुए शिवपुरी जेल में रखा गया है। अमृता सिंह तोमर तब सुर्खियों में आई थीं जब उन्होंने कौन बनेगा करोड़पति में बतौर कंटेस्टेंट हिस्सा लेकर 50 लाख रुपये जीते थे। इस उपलब्धि के बाद उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली थी।
गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं और मामला चर्चा का विषय बन गया है।
