ग्वालियर। आगामी महिला दिवस को दृष्टिगत रखते हुए तथा महिला सशक्तिकरण का संदेश देने के लिए पुलिस महानिदेशक द्वारा दिये गये निर्देषों के परिपालन में पुलिस अधीक्षक अमित सांघी के निर्देश पर ग्वालियर पुलिस की महिला पुलिसकर्मियों ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर (दक्षिण/यातायात) मोती उररहमान के मार्गदर्शन में शहर के विभिन्न चौराहों की यातायात व्यवस्था की कमान संभाली। पुलिस अधीक्षक द्वारा राजमाता चैराहा व फूलबाग चौराहा पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाल रही महिला पुलिस कर्मियों की हौसला अफजाई की गई। 
पुलिस मुख्यालय भोपाल के द्वारा महिला दिवस के उपलक्ष्य में छह मार्च को प्रदेशभर में महिला पुलिसकर्मियों को यातायात व्यवस्था संभालने संबंधी आदेश दिए गये थे। इस आदेष के पालन में ग्वालियर पुलिस की महिला पुलिसकर्मियों द्वारा शहर के व्यस्ततम मार्गों एवं चौराहों पर यातायात व्यवस्था को संभाला गया। इस मौके पर महिला पुलिस कर्मियों के सहयोग हेतु यातायात पुलिस का बल भी लगाया गया। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर की गई इस पहल के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक द्वारा भी ग्वालियर के सिटी सेंटर स्थित राजमाता चौराहा एवं फूलबाग चौराहे पर पहुंचकर वहां यातायात व्यवस्था संभाल रही महिला पुलिस कर्मियों की हौसला अफजाई करते हुए उन्हे सम्मान स्वरूप पौधे प्रदान किए तथा यातायात नियमों का पालन कर वाहन चला रही महिलाओं को भी पौधे दिये गये। इस दौरान एसपी ने कहा कि इस पहल के पीछे पुलिस मुख्यालय का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के आत्मसम्मान और आत्मविश्वास को बढ़ाना है। इस अवसर पर अति. पुलिस अधीक्षक (दक्षिण/यातायात) मोती उर रहमान, अति. पुलिस अधीक्षक शहर (मध्य) ऋषिकेश मीणा, अति. पुलिस अधीक्षक शहर (पूर्व/अपराध) राजेश दण्डोतिया, अति. पुलिस अधीक्षक शहर(पश्चिम) गजेन्द्र सिंह वर्धमान एवं सीएसपी लश्कर/डीएसपी अपराध शियाज़ के.एम. के अलावा पुलिस के अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे जिनके द्वारा भी यातायात व्यवस्था संभाल रही महिला पुलिस कर्मियों के कार्य की प्रशंसा की।उल्लेखनीय है कि प्रतिवर्ष 8 मार्च को विश्व महिला दिवस मनाया जाता है, लेकिन इस वर्ष महिला दिवस के दिन होली का पर्व होने के कारण 6 मार्च को पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पुलिस द्वारा यह पहल की गई है। इस दौरान चैराहोें व मुख्य मार्गों पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों द्वारा यातायात नियमों का पालन कर वाहन चला रही महिलाओं को पौधे प्रदान किए जाकर उनका उत्साहवर्धन किया गया| साथ ही उनसे अपील की गई कि आप अपने परिजनों तथा आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें। इस दौरान महिला पुलिस कर्मियों द्वारा बिना हेलमेट दो पहिया वाहन चलाने वाले तथा यातायात नियमों का पालन न करने वाले वाहन चालकों को समझाइश दी गई और उनके द्वारा यातायात जागरूकता संबंधी पम्पलेट भी वाहन चालकों को वितरित किए। विश्व महिला दिवस के उपलक्ष्य में महिला पुलिसकर्मियों द्वारा ग्वालियर के मुख्य मार्गों व चैराहों पर संभाली गई यातायात व्यवस्था के दौरान यातायात पुलिस के डीएसपी नरेश बाबू अन्नोटिया, विक्रम सिंह कनपुरिया, बैजनाथ प्रजापति सहित ग्वालियर पुलिस के अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।