ग्वालियर। ग्वालियर की पेयजल की समस्या को दूर करने के लिए जहां कांग्रेस ने कलश रैली निकाली है, वहीं नगर निगम परिषद ने भी पानी जैसे मुददे पर गंभीरता से विचार करने के लिए तत्पर दिखाई दे रही है। इसी के चलते जहां शहर जिला कांग्रेस द्वारा ग्वालियर महानगर की पेयजल की समस्या को दूर करने के लिए चंबल नदी से पानी लाए जाने की योजना पर विचार करने के लिए चंबल नदी से रैली के रूप में लाए गए कलश को आज सोमवार को महापौर समीक्षा गुप्ता को सौंपा। उधर नगर निगम परिषद ने भी महापौर समीक्षा गुप्ता द्वारा चंबल नदी से पानी लाए जाने की योजना की डीपीआर बनाने के लिए परिषद में रखे गए प्रस्ताव को सर्व सम्मति से पारित कर दिया। उधर चंबल से पूर्व युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रवीन्द्र सिंह भदौरिया भी कलश में जल भरकर लाए थे और उसे तत्कालीन महापौर को सौंपा था।
कांग्रेस द्वारा एक बैठक कर चंबल नदी से रैली के रूप में कलश भरकर लाकर उसे महापौर को रैली के रूप में ही सौंपने का मन बनाया। इसे लेकर जहां कल शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. दर्शन सिंह की अध्यक्षता में एक रैली चंबल नदी तक गई और वहां से चंबल नदी का जल कलश में भरकर रविवार को ले आई। उधर नगर निगम परिषद में आज सोमवार को कांग्रेस ने रैली के रूप में उक्त कलश सौंपने का निर्णय लिया। इसी को लेकर आज कांग्रेस कार्यकर्ता दोपहर में मोती मस्जिद के पास एकत्र हुए। वहां से रैली के रूप में फूलबाग, संकट मोचन हनुमान होते हुए जलबिहार पहुंचे। जहां उन्होंने प्रदर्शन कर चंबल से लाए जल का कलश यह कहते हुए महापौर समीक्षा गुप्ता को सौंपा कि इसे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को सौंपकर उनसे तत्काल ग्वालियर के पेयजल की समस्या दूर करने के लिए चंबल से जल लाने की योजना को स्वीकृत करवाएं। इस अवसर पर कांग्रेस नेता अशोक सिंह, अशोक शर्मा, नेता प्रतिपक्ष नगर निगम शम्मी शर्मा, मुन्नालाल गोयल, अशोक जैन, जेएच जाफरी, सहित कई पार्षद अलबेल घुरैया कमलेश कौरव, सुनील शर्मा, अशोक प्रेमी, किशन मुदगल, राजकुमार शर्मा, आदि शामिल थे।
उधर नगर निगम परिषद की बैठक में एक प्रस्ताव महापौर समीक्षा गुप्ता की ओर से रखा गया। इस प्रस्ताव में चंबल नदी से पानी लाने की योजना का प्रेजेंटेशन के साथ ही प्रस्ताव पर सुझाव के बाद प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। डीपीआर के लिए दो करोड़ का बजट का प्रावधान भी किया गया है। चंबल से पानी लाने के लिए डीपीआर तीन माह में तैयार कर शासन की ओर भेजी जाएगी। उक्त निर्देश सभापति बृजेन्द्र सिंह जादौन ने निगमायुक्त विनोद शर्मा को दिए। ज्ञांतव्य है कि इससे पूर्व वर्ष 2007 में युवक कांग्रेस ने चंबल से जल लाने की पहल की गई थी। युवक कांग्रेस के तत्कालीन जिलाध्यक्ष रवीन्द्र सिंह भदौरिया चंबल से जल भरकर लाए थे और उसे तत्कालीन महापौर विवेक शेजवलकर ने पुरानी छावनी पर अपने सिर पर धारण कर चंबल से जल लाने की योजना बनाने को कहा था। उसके बाद से यह मुददा गर्त में डूब गया। अब वर्ष 2014 में फिर कांग्रेस को इस मुददे की याद आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *