इंदौर ! लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन ने आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक कार्यक्रम में ‘‘प्रशिक्षण क्यों आवश्यक’’ विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा में प्रशिक्षण भाजपा संगठन की पुरानी परम्परा है वह एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। आज जो देश और प्रदेश का नेतृत्व कर रहे है, ऐसे लोकप्रिय नेता नरेन्द्र मोदी और शिवराजसिंह चौहान भी प्रशिक्षण की प्रक्रिया से गुजरे हैं और राजनीति के शीर्ष पर पहुंचे है।
श्रीमती महाजन ने कहा आज पूरा विश्व भारत को महाशक्ति के रूप में देख रहा है, सभी देश हमसे संबंध सुधारना चाहते है और व्यापार को बढ़ाना चाहते है, देश की छवि एक मजबूत राष्ट्र के रूप में उभर रही है, तो हम कार्यकर्ताओं को के लिए भी भारत माता की उन्नति व कल्याण हमारे लक्ष्य के रूप में प्रतिलक्षित है। हमें हमारे राष्ट्र को पूरे विश्व में सिरमोर बनाना है। ऐसे राष्ट्र का निर्माण करना है जो पूरे दुनिया के सामने महाशक्ति के रूप में स्थापित हो सके। श्रीमती महाजन ने कहा प्रशिक्षण के माध्यम से हम स्वयं का आकंलन कर अपनी कमियों को दूर कर नेतृत्व क्षमता का विकास कर सकते है। प्रशिक्षण ही ऐसी प्रकिया है, जिसके माध्यम से एक नये कार्यकर्ता को पार्टी की विचारधारा एवं रीति-नीति से परिचित होने का सुअवसर प्राप्त होता है। भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है कार्यकर्ता को अपना ध्येय, लक्ष्य निश्चित करना चाहिए और प्रत्येक दिन अपने लक्ष्य को स्मरण करते रहना चाहिए और याद रखना चाहिये कि हम विश्व के सबसे बड़े राजनैतिक दल के कार्यकर्ता है।
उन्होंने कहा पार्टी की रीति-नीति विचारधारा व सिद्धांतों को जनता तक कैसे पहुंचाये उस पर अमल करना चाहिए और यह तभी संभव होगा जब कार्यकर्ता प्रशिक्षित होगे। केन्द्र की एनडीए सरकार अच्छा कार्य कर रही है, योजनाओं के माध्यम से हर वर्ग की चिंता कर रही है, पं. दीनदयाल का अत्योंदय सरकार की योजनाओं में दिख रहा है, बस हम प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं को उसे धरातल पर उतारना है, इसलिये हमें एकजुट होकर ‘‘सशक्त भारत और समर्थ भारत’’ बनाने की दिशा में कार्य करना है।
इसके पूर्व श्रीमती महाजन इंदौर के एक विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रशिक्षण कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंची थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *