नईदिल्ली। देश में कोरोना ने एक बार फिर कोहराम मचा दिया है। देश में कोरोना संक्रमण के नए मरीजों को लेकर हर दिन नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। देश में बुधवार को सर्वाधिक रिकॉर्ड 1.85 लाख से ज्यादा नए मरीज मिले और 1027 लोगों की संक्रमण से जान चली गई। महामारी के दस्तक देने से लेकर अब तक एक दिन में मिले नए कोरोना मरीजों की यह सर्वाधिक संख्या है।

इससे एक दिन पहले मंगलवार को कोरोना मरीज के मामलों में मामूली गिरावट आई थी। मंगलवार को बीते 24 घंटों में करीब 1.62 लाख नए कोरोना मरीज मिले थे और 879 से ज्यादा लोगों की जान गई थी।

स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटों में 1,84,372 नए कोरोना मरीज मिले, इसी के साथ देश में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 1,38,73,825 पहुंच गए हैं। वहीं बीते 24 घंटों में 1027 लोगों ने कोरोना की वजह से दम तोड़ दिया, इसी के साथ कोविड से मरने वालों की संख्या 1,72,085 हो गई। पिछले छह महीने में एक दिन में जान गंवाने वालों का सबसे बड़ा आंकड़ा था। देश में पिछले 24 घंटों के दौरान हुई कुल 1027 मौतों में से 281 महाराष्ट्र से, 156 छत्तीसगढ़ से, 61 कर्नाटक से, 85 उत्तर प्रदेश से और 81 दिल्ली में हुई हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में सक्रिय मामलों का ग्राफ बहुत तेजी से ऊपर पहुंच रहा है। पिछले 24 घंटों में 82,339 कोरोना मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौट गए हैं, इसी के साथ देश में अब तक 1,23,36,036 मरीज कोरोना वायरस को मात देने में कामयाब हुए हैं। रोजाना के आधार पर दर्ज होने वाले नए कोरोना केसों की तुलना में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या करीब आधे से भी कम है। फिलहाल, देश में सक्रिय मामले बढ़कर 13,65,704 पहुंच गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *