नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस का संक्रमण कहर बनकर टूट रहा है। पिछले सारे रिकॉर्ड को ध्वस्त करते हुए बुधवार को कोरोना के सवा लाख नए मामले दर्ज किए गए। राज्य सरकारों की ओर से जारी संक्रमितों का आंकड़ा पिछले 24 घंटे के भीतर 1 लाख 26 हजार 265 नए मामले आए हैं। पिछले साल महामारी शुरू होने के बाद से अब तक ये पहली बार है जब एक दिन के अंदर इतने लोग संक्रमण की चपेट में आए हैं। इसके पहले 6 अप्रैल को एक दिन के अंदर 1.15 लाख लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।

पिछले 24 घंटे में महामारी से 684 लोगों की मौत हो गई और 59 हजार 129 लोग रिकवर हुए। बुधवार को जो आंकड़े आए हैं वह अब तक का सबसे ज्यादा है। इससे पहले मंगलवार को 1.15 लाख नए मामले आए थे।

इसी के साथ कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा अब 1.29 करोड़ से अधिक हो गया है। इनमें 1.18 करोड़ लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.66 लाख मरीजों की मौत हो गई। 9 लाख 5 हजार मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

पीएम ने वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाई
पीएम मोदी ने गुरुवार को कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज ली। नई दिल्ली एम्स में सुबह उन्होंने कोवैक्सिन की दूसरी डोज लगवाई। इससे पहले एक मार्च को उन्होंने पहली डोज लगवाई थी। ट्विटर पर फोटो शेयर करते हुए उन्होंने लोगों से भी वैक्सीन लगवाने की अपील की। लिखा, ‘वैक्सीनेशन उन चंद तरीकों में से एक है जिसके जरिए कोरोना को हराया जा सकता है। इसलिए अगर आप वैक्सीन लगवाने की एलिजिबिलिटी पूरी करते हैं तो तुरंत लगवा लें।’


मध्यप्रदेश
राज्य में बुधवार को 4,043 नए मरीज मिले। 2,126 लोग ठीक हुए, जबकि 13 की मौत हुई। राज्य में अब तक 3.18 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 2.87 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 4,086 की मौत हुई है। फिलहाल 26,059 लोगों का इलाज चल रहा है।

मध्य प्रदेश में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए बुधवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में सीएम हाउस में हाई लेवल मीटिंग बुलाई गई। इसमें संक्रमण रोकने के महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इस बैठक में तय किया गया कि प्रदेश के सभी शासकीय कार्यालय आगामी तीन माह तक सप्ताह में 5 दिन (सोमवार से शुक्रवार), प्रात: 10 से  शाम 6 बजे तक खुलेंगे। शनिवार और रविवार को शासकीय कार्यालय बंद रहेंगे।

इसके अलावा, प्रदेश के सभी नगरीय क्षेत्रों में 8 अप्रैल से आगामी आदेश तक रोज रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा। प्रदेश के सभी जिलों के नगरीय क्षेत्रों में अगले आदेश तक प्रत्येक रविवार लॉकडाउन रहेगा। छिंदवाड़ा जिले में 8 अप्रैल की रात 8 बजे से अगले 7 दिन तक टोटल लॉकडाउन रहेगा। शाजापुर शहर में 7 अप्रैल की रात 8 बजे से अगले 2 दिन का टोटल लॉकडाउन रहेगा।

प्रदेश में अभी भोपाल, इंदौर, जबलपुर, रतलाम, छिंदवाड़ा, बैतूल, उज्जैन समेत 13 शहरों में संडे लॉकडाउन लगाया जा रहा है। अब इसे पूरे प्रदेश में लागू किया जा रहा है। बुधवार रात से शाजापुर में भी 58 घंटे का लॉकडाउन लग रहा है। कटनी में नाइट कर्फ्यू रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक रहेगा। उमरिया जिले में संडे लॉकडाउन का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री ने कोरोना को रोकने के लिए सभी जिलों में फैसले लेने का अधिकार क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटी पर छोड़ दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *