गांधीनगर। गुजरात में कोरोना की स्थिति चिंताजनक होती जा रही है और पिछले 24 घंटे में इसके संक्रमण के 2190 नये  मामले सामने आए है जो अब तक किसी एक दिन में सर्वाधिक हैं। पिछले तीन-चार दिनो से नये मामलों का रोज नया रिकार्ड बन रहा है। पिछले 24 घंटे के दौरान छह मौतें भी हुई हैं जिनमे से चार सूरत और एक-एक अहमदाबाद तथा राजकोट में हुई।

अहमदाबाद और सूरत में क्रमश: 604 और 609 नए मामले सामने आए हैं। अब तक राज्य में कुल 4479 मौतें दर्ज की गयी हैं। राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आधिकारिक आंकडों के अनुसार पिछले 24 घंटे में 1422 लोगों को अस्पताल से छुट्टी भी मिली है। सक्रिय मामलों की संख्या बढ़ कर 10134 हो गयी है जिनमे 83 लोग जीवन रक्षक प्रणाली यानी वेंटिलेटर पर हैं।

पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र में कोरोना की विस्फोटक स्थिति के मद्देनजर वहां से गुजरात आने वाले हर व्यक्ति के लिए 72 घंटे के भीतर हुई आरटीपीसीआर जांच की रिपोर्ट लाना अनिवार्य किया गया है। ऐसा नहीं करने वाले से 800 रुपए का शुल्क लेकर हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और अन्य स्थानों पर उनकी जांच की जाएगी और पॉजिटिव आने पर उन्हें संस्थागत क्वॉरंटीन में रखा जाएगा। राज्य में पार्क और स्कूल आदि पहले से ही बंद हैं और चार महानगरों अहमदाबाद, सूरत, राजकोट और वडोदरा में रात नौ बजे से सुबह छह बजे तक रात्रि कफर्यू जारी है। अब तक राज्य में कुल 6 लाख 25 हजार लोगों को कोरोना के टीके की दोनो खुराक दी जा चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *