नई दिल्ली। देश में कोरोना का कहर दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा हैं। संक्रमितों के आंकड़े डेली पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त करते हुए नए रिकॉर्ड कायम कर रहे हैं। बीते 24 घंटे में देश में1 लाख 99 हजार 376 नए मरीज मिले हैं। 93,418 ठीक हुए और 1,037 की मौत हो गई। इसके साथ ही एक्टिव केसों की संख्या 14 लाख 65 हजार 877 हो गई है। यह 15 लाख के पार हो सकती है, क्योंकि इसमें बीते दो दिन से एक लाख से ज्यादा की बढ़ोतरी हो रही है।
मध्यप्रदेश
राज्य में बुधवार को 9,720 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 3,657 लोग रिकवर हुए और 51 की मौत हो गई। अब तक यहां 3.63 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3.09 लाख लोग ठीक हो चुके हैं। 4,312 मरीजों की जान चली गई। 49,551 मरीजों का इलाज चल रहा है। बुधवार को गुना, रायसेन, रीवा, टीकमगढ़ और छतरपुर में भी लॉकडाउन लगा दिया गया है। अब तक प्रदेश के 52 जिलों में से 28 जिलों में या उनके शहरी क्षेत्रों में लॉकडाउन लगाया जा चुका है।
| शहर | नए केस | मौतें |
| इंदौर | 1693 | 6 |
| भोपाल | 1637 | 8 |
| जबलपुर | 653 | 6 |
| ग्वालियर | 652 | 5 |
भोपाल में 6500 सैंपल जांच के लिए भेजे गए
वहीं राजधानी भोपाल में कोरोना वायरस बेकाबू होता जा रहा है। बुधवार को भोपाल में 6500 सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। इनमें से 1637 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जबकि 8 लोगों की मौत हो गई। इससे पहले मंगलवार को 6100 सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। इनमें 1497 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। जबकि इलाज के दौरान 4 मरीजों की जान गई है। वहीं सोमवार को 5200 सैंपल की जांच में 1456 मरीज पॉजिटिव पाए गए थे और 5 मरीजों की मौत हुई थी। रविवार को भोपाल में 824 कोरोना संक्रमित मिले थे।
राजधानी में 19 अप्रैल तक कोरोना कर्फ्यू
भोपाल में सरकार ने 19 अप्रैल की सुबह 6 बजे तक कोरोना कर्फ्यू यानी लॉकडाउन लगाया है। इस दौरान किराना दुकानों से होम डिलिवरी की सुविधा दी गई है। सब्जी और दूध की दुकानें खुल रही हैं। ठेले से भी सब्जी की बिक्री की जा रही है। बैंक और पेट्रोल पंप भी खुले रहे हैं। सभी तरह के व्यवसायिक प्रतिष्ठान बंद रखे गए हैं। लोगों के आवागमन पर प्रतिबंध है।
