बारां। राजस्थान में बारां जिले के छबड़ा कस्बे में गत रविवार को हुए उपद्रव के बाद जारी कर्फ्यू गुरुवार पांचवे दिन भी जारी रहा। वही संभागीय आयुक्त के.सी. मीणा ने जिला कलेक्टर राजेंद्र विजय की सूचना पर जिले में शांति एवं सौहार्द बिगड़ने की आशंका जताए जाने के बाद बारां समेत सम्पूर्ण बारां जिला सीमा क्षेत्र में दो दिन के लिए 17 अप्रैल शाम चार बजे तक सम्पूर्ण इंटरनेट सेवाओ को बंद कर दिया है। 

उधर, छबड़ा क्षेत्र को छोड़कर पूरे जिले में इंटरनेट सेवाएं फिर बंद करने पर व्यापारियों, मीडिया कर्मियों में भारी रोष व्याप्त है। दूसरी और विहिप के प्रांतीय उपाध्यक्ष प्रतापसिंह नागदा तथा ओम सारस्वत ने बताया की बुधवार को विहिप ने जिला कलक्टर के जरिए बारां में उपजिला कलेक्टर को राज्यपाल के नाम ज्ञापन देकर अपनी मांगों के साथ शुक्रवार को सम्पूर्ण बारां जिला बंद की सूचना दे दी थी। उसके तहत जिले में बंद को सफल बनाया जाएगा। 

गुरुवार को कोटा के भाजपा विधायक एवं बारां जिला प्रभारी संदीप शर्मा, छबड़ा विधायक प्रतापसिंह सिंघवी, भाजपा जिला अध्यक्ष जगदीश मीना, वरिष्ठ नेता प्रेमनारायण गालव ने बारां मे पत्रकार वार्ता करके घटना में पुलिस, प्रशासन पर घटना के दौरान लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि बारां जिले के छबड़ा में अंधा तथा गंदा राज चल रहा है। पुलिस प्रशासन ने अगर झूंठे मुकदमे लादने का प्रयास किया तो भाजपा आंदोलनात्मक कदम उठायेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्दोषों को फंसाया जा रहा है। गांव मे गुजर लोगों को प्रताड़ति किया जा रहा है। 

उधर छबड़ा से मिली खबर के अनुसार रविवार को हुए उपद्रव के बाद गुरुवार को पांचवे दिन भी यहां कर्फ्यू जारी रहा। पूरे नगर में सन्नाटा पसरा हुआ है। जगह-जगह पुलिस बल तैनात है। नगर के मुख्य मार्गों पर पुलिस गस्त जारी रही। इस दौरान पुलिस उपद्रवियों की धर पकड़ में जुटी रही। घटना के बाद से प्रशासन के आला अधिकारी यहां डेरा डाले हुए हैं। आगजनी से हुए दुकानदारों के नुकसान जायजा ले रहे हैं। इस दौरान आगजनी की घटना में गिरफ्तार आरोपियों की कोरोना जांच करवाई गई जिसमें चार जने कोरोना पोजिटिव निकले। इन्हें छबड़ा स्थित कोविड सेंटर में कड़ी सुरक्षा में रखा गया है। कर्फ्यू के बीच प्रशासन ने गुरूवार से दूध वितरकों को घर-घर दूध सफ्लाई करने को कहा है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *