ग्वालियर। भिण्ड जिले के लहार में एक युवक द्वारा अपनी प्रेमिका से कोर्ट मेरिज कर लेने पर युवक की मॉं को प्रेमिका के घर वालों ने निर्वस्त्र कर गांव में घुमाया और उसकी मारपीट की। लहार थाना पुलिस ने फिलहाल आरोपियों के खिलाफ मारपीट का अपराध दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
लहार विकास खण्ड के वार्ड नम्बर 14 निवासी भगवान दास दौहरे के पुत्र हेमंत ने अपने पडोस में रहने वाले मुरली मनोहर दौहरे की बेटी से फरवरी में प्रेम विवाह (कोर्ट मैरिज) लडकी के परिवार की बिना मर्जी के कर लिया। इस शादी को लेकर दोनों परिवारों में रंजिश थी। कल सुवह लडकी के पिता मुरली मनोहर अपने परिजनों के साथ भगवानदास के घर पहंुच गए। घर में मौजूद भगवानदास उनकी पत्नी रामसखी, पुत्र मनोज और उसकी पत्नी की मारपीट की। बाद में रामसखी को पकडकर उसे निर्वस्त्र कर उसके सिर के बाल काटे और पीटते हुए गांव में घुमाया। आरोपियों की संख्या और दबंगाई को लेकर गांव के किसी भी व्यक्ति की हिमम्त नहीं हुई कि वह इस कृत्य का विरोध कर सके। सुवह दस बजे शुरु हुआ यह नंगापन 12 बजे यानी 2 घण्टे तक चलता रहा।
पीडित परिवार शाम को लहार थाने पहुंचा जहां पुलिस ने पीडित महिला को लहार अस्पताल में भर्ती कराया जहां से उसे ग्वालियर रैफर कर दिया गया। पीडित महिला का ग्वालियर के एक निजी नर्सिंग होम में इलाज चल रहा है।
लहार के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अवनीश बंसल ने बताया कि युवती को घर से भगाकर ले जाकर उससे कोर्ट मैरिज करने को लेकर दोनों परिवारों में विवाद चल रहा था। भगवानदास दौहरे और उनके परिजनों के साथ मारपीट के मामले में मुरली मनोहर, रामप्रकाश, जयसिंह और विजय लक्ष्मी तथा 4 अज्ञात लोगों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। महिला का निर्वस्त्र कर गांव में घुमाने के मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *