दतिया | मध्यप्रदेश शासन के जल संसाधन, जनसम्पर्क एवं संसदीय कार्य विभाग मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने दतिया विकासखण्ड के ग्राम बानौली में आयोजित मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत् आयोजित 514 विवाह व निकाह में सम्मिलित होकर वर-वधु को आशीर्वाद प्रदान किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रजनी पुष्पेन्द्र रावत, विधायक भाण्डेर घनश्याम पिरौनिया, विधायक सेवढ़ा प्रदीप अग्रवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विनय यादव सहित अन्य पदाधिकारी व सीईओ जिला पंचायत संदीप माकिन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
जनसम्पर्क मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने उपस्थित जन समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जब सांसद थे तब उन्होंने गरीब की बेटी का धूमधाम से विवाह का सपना देखा था आज मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के माध्यम से इस प्रकार के आयोजन हो रहे है। आज इस आयोजन की धूमधाम को देखकर ऐसा लग रहा है कि योजना के माध्यम से मुख्यमंत्री का सपना साकार हो रहा है। उन्होंने इस आयोजन के लिए विनय यादव द्वारा की गई मेहनत के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। उन्होंने नव दम्पतियों को सुखमय जीवन का आर्षीवाद देते हुए कहा कहा कि आज आपका कन्यादान मंत्री, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष ले रहे है अगर जीवन में कोई परेशानी हो तो मुझे बताना मैं दौड़कर आपके पास पहुंच जाऊंगा। विधायक प्रदीप अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत गरीब की बेटी का विवाह शासन द्वारा किया जाता है अभी तक साढ़े तीन के करीब जोड़ों का विवाह मध्यप्रदेश में हो चुका। जन्म से लेकर, शिक्षा व विवाह तक की चिन्ता मध्यप्रदेश सरकार कर रही है। उन्होंने सभी जोड़ों को दाम्पत्य जीवन में प्रवेश की बधाई दी।
भाण्डेर विधायक घनश्याम पिरौनिया ने कहा कि इतना बड़ा आयोजन जनसम्पर्क मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र के मार्गदर्षन में हो रहा है। हमारे मंत्री अजब है और उनके कार्य भी गजब होते है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को फ्री में गैस सिलेण्डर, लाड़मी लक्ष्मी योजना में एक लाख 18 हजार रूपये की राशि, गरीब की बेटियों के विवाह, बुजुर्गो को तीर्थयात्रा सभी हमारी सरकार की योजनाएं जो की गरीबों को देखकर बनाई गई है। कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन किया गया। श्री विनय यादव द्वारा स्वागत भाषण तथा प्रसिद्ध भजन गायिका संजू बघेल ने भजनों की प्रस्तुति देकर उपस्थितजन का मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में वरवधुओं को 22 हजार रूपये की राशि दी जाती है। तीन हजार रूपये व्यवस्था के लिए रहते है।
कार्यक्रम के दौरान आठ मुस्लिम जोड़ों का निकाह सम्पन्न हुआ। वर-वधुओं जनसम्पर्क मंत्री द्वारा को आर्षीवाद प्रदान किया। निकाह डिप्टी शहर काजी मौलाना तईब खांन ने पड़ी। कार्यक्रम में पांच निःशक्त लोगों का भी विवाह सम्पन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *