दतिया। मध्यप्रदेश के दतिया सिविल लाइन थाना में पदस्थ एएसआई अवधेश सिंह और आरक्षक लाखन सिंह का 12 हजार की रिश्वत लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसके बाद दतिया के पुलिस अधीक्षक अमनसिंह राठौर ने दोनों को निलंबित कर दिया है।
वीडियो में कुछ लोग 12 हजार रुपए गिन रहे हैं और एएसआई को थमा रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है, यह रेत माफियाओं से रिश्वत लेने का वीडियो है, तो कुछ लोग जुआरियों से पैसा लेने की बात कह रहे हैं। मामले में दतिया पुलिस अधीक्षक कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया, लेकिन वीडियो के आधार पर दोनों को निलंबित कर दिया है।
सिविल लाइन थाने में पदस्थ अवधेश सिंह बीते दिनों पदोन्नत होकर एएसआई बने थे। एएसआई बनने के बाद वह रिश्वत मामले में फंस गए। निलंबन के बाद मामले की जांच दतिया जिले के भांडेर एसडीओपी मोहित यादव को सौंपी गई है।
