
इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर क्राइम ब्रांच ने आज शुक्रवार को अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले 7 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। टीम को इनके पास से 21 अवैध पिस्टल मिली हैं। जिनमें से 12 देशी पिस्टल और 9 कट्टे हैं। आरोपी इन अवैध हथियारों को उत्तरप्रदेश और मध्यप्रदेश के विभिन्न शहरों में बेचते थे। पुलिस पकडे बदमाशों से पूछताछ कर रही है।
क्राइम ब्रांच एएसपी अमरेंद्रसिंह ने बताया कि मुखबीर की सूचना पर टीम ने भंवरकुआ पुलिस के साथ मिलकर बारदान मंडी के पास खाली पडी जमीन से रामदास सिंह भाटिया को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने खुद को सिकलीगर निवासी बड़वानी बताया। उसकी तलाशी लेने पर टीम को 3 देशी पिस्टल और 9 देशी कट्टे बरामद हुए। पूछताछ में उसने हथियारों की तस्करी करने की बात कबूली और अपने साथियों के बारे में जानकारी दी।
सूचना के बाद टीम ने पुलिस के साथ कनाडिया क्षेत्र में तीन बदमाशों को हथियार सहित पकड़ लिया। वहीं पेट्रोल पंप के पास से आशिक मंसूरी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के पास से मैग्जीन लगी पिस्टल बरामद हुई। वहीं बिचौली हप्सी से शुभम उर्पस चिकना को पिस्टल सहित पकड़ा गया। जीआरपी लाइन से गणेश वर्मा को गिरफ्तार किया गया। इसके पास से भी पिस्टल जब्त हुई। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तीनों आरोपियों के पास मिली पिस्टलों के बैरल पर मेन इन जापान लिखा हुआ था। पुलिस आरोपियों पर कार्रवाई कर रही है।
वहीं, भंवरकुआ पुलिस ने भी चंबल संभाग के दतिया के दो बदमाशों को पिस्टल बेचते हुए पकड़ लिया। पुलिस ने प्रतीक्षा ढाबे के पास से कपिल निवासी दतिया को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से मैग्जीन लगी तीन देशी पिस्टल बरामद हुईं। इसी तरह तीन इमली ब्रिज के पास से सुदीप को पकड़ा गया। इसके पास से भी पुलिस ने मैग्जीन लगी 2 पिस्टल जब्त की। पुलिस ने सभी आरोपियों पर प्रकरण दर्ज किया है और उनसे कड़ी पूछताछ कर रही है।
