मध्य प्रदेश के इंदौर में बहन के प्रेम विवाह से नाराज एक नाबालिग ने खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया. खुड़ैल थाना क्षेत्र के निलगिरी परिसर में 16 वर्षीय किशोर ने अपने 22 वर्षीय जीजा पर चाकू से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल किया गया सब्जी काटने वाला चाकू बरामद कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान दीपक पुत्र गोपाल निवासी राणायर बरोठा, जिला देवास के रूप में हुई है. दीपक ने करीब दो साल पहले गायत्री से प्रेम विवाह किया था. शुरुआत में युवती के परिवार ने इस रिश्ते को स्वीकार नहीं किया, लेकिन कुछ समय बाद दोनों परिवारों के बीच फिर से बातचीत और आना-जाना शुरू हो गया था.

भजन-कीर्तन के दौरान हुआ विवाद, टेंट की आड़ में किया हमला

बुधवार को दीपक अपनी बड़ी सास रामकन्या की बारहवीं के कार्यक्रम में शामिल होने निलगिरी परिसर पहुंचा था. रात में घर पर भजन-कीर्तन चल रहा था. इसी दौरान रात करीब दो बजे दीपक के चिल्लाने की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे. वह टेंट की आड़ में चाकू के हमले से घायल पड़ा था.

परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके. पुलिस पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि दीपक कथित तौर पर उससे बात नहीं करने पर धमका रहा था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में उसने सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर दिया.

ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चालक की मौत

इंदौर के तेजाजी नगर थाना क्षेत्र के ग्राम उमरिया में एक अन्य हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चालक की दबकर मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, हादसा रात करीब दो बजे हुआ. मृतक की पहचान 45 वर्षीय रमेश पुत्र कालू भूरिया निवासी तिल्लौर खुर्द के रूप में हुई है.

खेलते समय अचानक बेहोश होकर गिरा 9वीं का छात्र, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

एरोड्रम थाना क्षेत्र के जन्नत गार्डन में बुधवार को दोस्तों के साथ खेल रहा 16 वर्षीय दिव्यांश अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा. दोस्तों ने तत्काल उसके परिजनों को सूचना दी. परिजन उसे आयुष्मान अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया. इसके बाद उसे क्लॉथ मार्केट अस्पताल और फिर चोइथराम अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई. हालांकि, रास्ते में ही दिव्यांश की सांसें थम गईं. अस्पताल पहुंचने से पहले उसकी मौत हो गई. पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.