अवैध शराब भरे ट्रक ने देवास जिले के खातेगांव टीआई दिलीप पुरी को कुचल दिया. गंभीर रूप से घायल पुरी को अस्पताल ले जाया गया. यहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
टीआई पुरी रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे अवैध शराब की तस्करी की सूचना पर कार्रवाई करने टीम के साथ इंदौर-बैतूल हाईवे पहुंचे थे. नेमावर पुलिस भी इसी ट्रक का पीछा कर रही थी. पुलिस टीम को ट्रक हाईवे पर डिवाइडर के किनारे खड़ा मिला. थाना प्रभारी पुरी ने ड्राइवर से बाहर आने को कहा. इसी दौरान वह ट्रक को डिवाइडर पर चढ़ाकर आगे बढ़ाने लगा. इस दौरान पिछला पहिए उन पर चढ़ गया और पुरी गंभीर रूप से घायल हो गए. उनके शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आई थीं और काफी खून बह गया था.
वाहन को संदलपुर में छोड़कर ड्राइवर फरार
ड्राइवर ट्रक को डिवाइडर पर चढ़ाकर दूसरी ओर ले गया और संदलपुर में छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने वाहन को संदलपुर थाने में खड़ा कर दिया है. ड्राइवर की तलाश की जा रही है. घटना की सूचना मिलने पर देवास एसपी आदित्य मिश्रा सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे खातेगांव पहुंचे. मृतक का परिवार भी खातेगांव पहुंच गया है. पुरी के परिवार में पत्नी कविता और बेटा-बेटी हैं.
पुलिस को घटनास्थल पर मिला ट्रक खाली बताया जा रहा
इस मामले में सबसे बड़ा सवाल ट्रक में मिली शराब को लेकर है. बताया जा रहा है कि शराब माफिया ने शराब से भरे ट्रक से टीआई दिलीप पुरी को कुचला था, लेकिन पुलिस को घटनास्थल पर मिला ट्रक खाली बताया जा रहा है. ऐसे में सवाल उठता है कि क्या टीआई को कुचलने के बाद ट्रक से शराब अनलोड कराई गई? अगर ऐसा हुआ है, तो शराब कहां गई और इसे किसने हटाया?
ट्रक के कंपार्टमेंट में शराब भरी हुई थी- पुलिस
आबकारी उपनिरीक्षक पूजा गेहलोत ने बताया, ट्रक बेस से करीब दो फीट ऊंचा है. ट्रक के कंपार्टमेंट में शराब भरी हुई थी. शराब कितनी है, इसकी गिनती अभी नहीं की गई है. शराब कहां से आई थी, यह गिनती के बाद ही पता चलेगा.
