बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिला अस्पताल की तीसरी मंजिल से एक मरीज युवक कूद गया। जिसकी दौराने इलाज मौत हो गई। बैतूल जिले के मुलताई तहसील के बाड़ेगांव निवासी मदन सिंह निगम पिछले 10 -12 दिनों से सो नहीं पा रहा था। परिजनों ने उसे 2 दिन पहले इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। आज सुबह तीसरी मंजिल के टॉयलेट की खिड़की तोड़कर मदन वेंटिलेशन पर खड़ा हो गया। लोगों ने इसकी सूचना डॉक्टरों को दी, जिसके बाद अस्पताल की टीम उसे उतारने के लिए रेस्क्यू में लग गई। इस मामले की सूचना पुलिस को भी दी गई। उसे बचाने के लिए काफी ऊंचाई पर एक टीम नीचे जाली लेकर खड़ी थी और एक टीम ऊपर जाकर रस्सी के सहारे उसे उतारना चाह रही थी।
एक महिला भी उससे बात कर रही थी कि उसे रस्सी से नीचे उतारा जाएगा। इस बीच अचानक ही मदन खड़ा हुआ तो नीचे से लोगों ने उसे कूदने से मना किया, लेकिन उसने उसने तिरछी छलांग लगा दी। वह जमीन पर गिर गया। उसे तत्काल अस्पताल के कर्मचारी उठाकर अंदर ले गए और इलाज शुरू किया गया। जहां दौराने इलाज उसकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मरीज तीसरी मंजिल पर चढ़ गया था। उसे उतारने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन वो कूद गया। मरीज की परिजन अनिता सिसोदिया का कहना है कि मदन की तबीयत खराब थी। दस बारह दिन से नींद नहीं आ रही थी तो उसे अस्पताल में भर्ती किया गया था। आज मुझे बुलाया गया था उससे बात करने के लिए, लेकिन जब तक पहुंची तब तक वह कूद गया था।
टीआई कोतवाली राजेन्द्र धुर्वे का कहना है कि अस्पताल से सूचना मिली थी एक मरीज तीसरी मंजिल पर चढ़ गया है। उसे उतारने के लिए रेस्क्यू किया जा रहा था, लेकिन वह कूद गया। सीएमएचओ डॉ. जीसी चौरसिया का कहना है कि तीसरी मंजिल की जिस टॉयलेट की खिड़की में ग्रिल नहीं लगी थी, उसे तोड़कर मरीज बाहर गया। उसे उतारने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन वह कूद गया। मामले की जांच की जा रही है।
