इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में गुरुवार को कोराना से 7वीं मौत हुई। एमआरटीवी अस्पताल में भर्ती खजराना की रहने वाली 65 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला को सर्दी, खांसी बुखार के साथ ही सांस लेने में तकलीफ के बाद 29 मार्च को भर्ती किया गया था। उसकी ना तो कोई कॉन्टेक्ट हिस्ट्री सामने आई है, और ना ही कोई ट्रेवल हिस्ट्री। इसके पहले बुधवार रात आई रिपोर्ट से कोरोना संक्रमितों में 12 लोग और बढ गए। इसके साथ ही यह आंकडा 75 तक पहुंच गया। वहीं, प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 98 हो गई है। इसमें जबलपुर 8, उज्जैन 6, भोपाल 4, ग्वालियर 2, शिवपुरी 2 और खरगोन का एक मरीज शामिल है।

एमजीएम मेडिकल कॉलेज लैब के मुताबिक, 63, तंजीम नगर में 21 और 22 वर्षीय दो युवक, 44 वर्षीय एक व्यक्ति। चंदन नगर गली नंबर 11 की 80 वर्षीय महिला। खजराना का 38 वर्षीय युवक। स्नेहलतागंज की 53 वर्षीय महिला। समाजवाद नगर के 50 वर्षीय पुरुष। उदापुरा के 50 वर्षीय पुरुष। इकबाल कॉलोनी के 54 वर्षीय पुरुष। अंबिकापुरी के 45 वर्षीय पुरुष। गांधी नगर का 38 वर्षीय युवक और मोती तबेला के 54 वर्षीय पुरुष पॉजिटिव मिले हैं। नए मरीज सामने आने के बाद कलेक्टर मनीष सिंह ने पांच और नए पते को एपिसेंटर घोषित करते हुए कंटेनमेंट एरिया बनाने के आदेश जारी कर दिए हैं। इसमें मनोरमागंज, वल्लभ नगर, माणिकबाग कॉलोनी, तंजीम नगर और डी-टू पुलिस लाइन शामिल हैं। एमवाय में भर्ती 60 वर्षीय संक्रमित सोमवार देर रात भाग गया। सुबह पुलिस ने उसे उदापुरा में पकडा और भर्ती करवाया।

तंजीम नगर के जिस घर के 9 लोगों में संक्रमण मिला है, वहां के 3 और सदस्यों में कोरोना पाया गया है। सभी 12 लोग परिवार के 42 वर्षीय पॉजिटिव (बेटे) के संपर्क में आए थे। 16 लोगों का यह परिवार दो मंजिला, लेकिन छोटे से मकान में रहता है। यह मरीज 28 मार्च को टीबी अस्पताल से यह कहकर भाग गया था कि वह कभी विदेश नहीं गया, उसे कोई बीमारी नहीं है। विभाग ने इसके संपर्क में आने वाले 54 लोगों को क्वारेंटाइन किया, उन्हीं में से 12 पॉजिटिव मिले। इसमें उसकी पत्नी, दो बेटियां, भाई और एक किरायेदार भी हैं।

15 दिन से बीमार लाल गली निवासी एक वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कोरोना की शंका में उनके सैंपल जांच के लिए भेजे थे जिसकी रिपोर्ट आने का इंतजार है। एहतियातन पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने बिना पीएम के शव परिजन को सौंप दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *