देश के जिन राज्यों में कोरोना बेकाबू हो रहा है, उनमें मध्यप्रदेश भी शामिल है। इंदौर में तो संक्रमण का अनूठा मामला सामने आया है। शहर में 20 ऐसे लोगों के संक्रमित होने का पता चला है, जिन्हें कोरोना वैक्सीन की दोनों खुराक लग चुकी थी। उधर, भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जनता को मास्क पहनने के लिए प्रेरित करने खुद वाहन में सवार होकर सड़क पर निकले।

इंदौर में टीके की दोनों खुराक ले चुके जिन 20 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है, उनके सैेंपल आगे जांच के लिए दिल्ली भेजे जाएंगे, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनमें कोरोना का कौनसा वैरिएंट है।

शिवराज ने की हाथ जोड़कर अपील
सोमवार शाम भोपाल में शिवराज सिंह चौहान खुली गाड़ी में सवार होकर सड़कों पर निकले और लोगों से मास्क लगाने और सुरक्षित शारीरिक दूरी का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा-अस्पतालों में मरीज बढ़ते जा रहे हैं। हालात बिगड़ रहे हैं। इससे पहले की और हालात बिगड़े, सभी लोग मास्क लगाएं। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें।

मैं लॉकडाउन नहीं लगाना चाहता…
शिवराज सिंह ने कहा, ‘मैं हाथ जोड़ कर कह रहा हूं-मैं लॉकडाउन नहीं लगाना चाहता हूं। लॉकडाउन से धंधे और बिजनेस ठप हो जाते हैं। लोगों के पास रोजी रोटी कमाने का साधन नहीं बचता है। इसलिए सभी लोग मास्क का उपयोग करें।’ मुख्यमंत्री ने दुकानदारों से अपील कर कहा-बिना मास्क आने वालों को सामान न दें। लोग अपने घरों में उन्हें ही आने दें, जो मास्क पहने हुए हों। आज घर से निकलने के पहले मैंने अपनी पत्नी और बच्चों को मास्क लगाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *