इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर संभाग के धार जिले में पदस्थ सब इंस्पेक्टर बीपी तिवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ने के लिए इंदौर से धार पहुंची लोकायुक्त पुलिस की टीम खाली हाथ लौट आई। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी सब इंस्पेक्टर बीपी तिवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
लोकायुक्त पुलिस के डीएसपी दिनेश पटेल ने बताया कि फरियादी धर्मेंद्र राव निवासी हरियाखेड़ी, जावरा रतलाम द्वारा लोकायुक्त में 18 मार्च को शिकायत की गई थी। इसमें बताया कि उसके खिलाफ पुलिस थाना बदनावर में दर्ज आपराधिक प्रकरण में जमानत नहीं लेकर जेल भेजने की धमकी देते हुए एसआई द्वारा पांच हजार रुपए की रिश्वत की मांग की जा रही है।
आज सुबह जब इंदौर से लोकायुक्त पुलिस बदनावर पहुंची। फरियादी बताए गए स्थान पर सब इंस्पेक्टर को यह राशि देने पहुंचा, लेकिन वहां एसआई तिवारी नहीं मिले। इस पर पुलिस विश्राम गृह पहुंची तथा एसआई के खिलाफ धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया।
