ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में दो लुटेरी दुल्हनों का कारनामा सामने आया है। दोनों उज्जैन की रहने वाली हैं। दोनों ने 3 महीने पहले कपड़ा व्यवसायी के दो भाइयों से शादी की थी। 2 माह तक ससुराल में आराम से रही और उसके बाद दोनों दुल्हन ससुराल से 8 लाख रुपए कीमत के गहने और 7 लाख रुपए नगदी लेकर फरार हो गई।।
पीड़ित व्यवसायी ने ग्वालियर जिले के बिलौआ थाना में दोनों बहुओं, उनके भाई संदीप मित्तल, रिश्ता कराने वाले समेत अन्य 6 लोगों पर एफआईआर दर्ज कराई है। शादी के समय बताया गया था, उनके माता-पिता की मौत हो चुकी है। शादी कराने के नाम पर 7 लाख रुपए भी लिए गए थे। जांच में पता चला है, एक दुल्हन का पहले से ही एक बेटा है। उज्जैन में दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर पहले से ही दर्ज है।
बिलौआ थाना क्षेत्र निवासी नागेन्द्र जैन कपड़ा कारोबारी हैं। दिसंबर 2020 में उन्होंने छोटे भाइयों दीपक जैन और सुमित जैन की शादी उज्जैन निवासी नंदनी मित्तल व रिंकी मित्तल से की थी। रिश्ता दोनों लड़कियों के भाई संदीप मित्तल के सामने तय हुआ था। रिश्ता समाज के बाबूलाल जैन ने तय करवाया था। दोनों की जाति वैश्य बनिया बताई गई थी। शादी के बाद नंदनी और रिंकी करीब 15 से 20 दिन तक ससुराल रहीं। बाद में मायके चली गईं।
घटना का पता उस समय चला, जब कई दिन बाद भी दोनों बहुएं ससुराल वापस नहीं आईं। हर बार आने की बात करती रहीं। घरवालों को शक हुआ तो कमरों की तलाश ली। पता चला कि वह दोनों बहनें घर का पूरा जेवर और नगदी भी साथ ले गई।
