मुंबई। महाराष्ट्र में कोरोना से बिगड़े हालात पर काबू पाने के लिए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने लॉकडाउन जैसी नई पाबंदियां लगाने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुधवार रात 8 बजे से पूरे राज्य में अगले 15 दिन तक संचार बंदी लागू की जाएगी। उन्होंने लॉकडाउन शब्द का इस्तेमाल न करते हुए इसे ‘ब्रेक द चेन अभियान’ करार दिया। इस दौरान जरूरी सेवाओं को छोड़कर सारे दफ्तर बंद रहेंगे। प्रदेश में अगले 15 दिनों तक धारा 144 लागू की गई है। सीएम ने कहा कि महाराष्‍ट्र में हालात बेकाबू हुए तो संभाल नहीं पाएंगे इसलिए हमें अभी से इस पर लगाम लगाना जरूरी है। 

उद्धव ने कहा कि इस समय करीब 2.50 लाख तक रोजाना टेस्टिंग हो रही है। 10वीं और 12वीं की परीक्षा स्थगित की गई ताकि छात्रों का जीवन खतरे में न पड़े। कोविड का खतरा खत्म होने के बाद परीक्षा ले लेंगे।

सीएम ने कहा कि अभी भी हमें नहीं पता कि हम कोरोना के पीक पर पहुंचे हैं या नहीं, नए मरीजों की संख्या कब तक बढ़ेगी इसके बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि हमने पिछली बार आपकी मदद से कोरोना पर नियंत्रण करके दिखाया था लेकिन इस बार की स्थिति अलग है। इस बार कोरोना के मरीज बहुत ज्यादा बढ़ रहे हैं जिसकी वजह से स्वास्थ्य सेवाओं पर बहुत ज्यादा दबाव बढ़ा है। कोरोना की संख्या जिस तरह बढ़ रही है वो भयावह है।

महाराष्ट्र में अब ये गाइडलाइंस… 

  • प्रदेश में आने-जाने पर पाबंदी लगा दी गई है। सुबह 7 से रात 8 बजे तक जरूरी सेवाएं जारी रहेंगी। ट्रांसपोर्ट बंद नहीं रहेंगे, लेकिन ये सब चीजें जरूरी चीजों के लिए ही रहेंगी। 
  • सभी दफ्तरों और संस्थानों को 15 दिनों के लिए बंद किया जाएगा। 
  • ईकॉमर्स, बैंक, मीडिया, पेट्रोल पंप, सुरक्षा गार्ड जैसे लोगों को इसमें छूट दी गई है। रेस्तरां आदि खुले रहेंगे, लेकिन वहां बैठकर खाने पर रोक होगी। सिर्फ होम डिलिवरी और टेक-अवे की सुविधा रहेगी।

इन्हें राहत दी गई

  • कंस्ट्रक्शन के काम में लगे मजदूरों को प्रति माह 1,500 रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी। अधिकृत फेरी वालों को भी मदद दी जाएगी। रिक्शे वालों को भी 1,500 रुपए और आदिवासियों को 2,00 रुपए महीने की मदद मिलेगी। 
  • 7 करोड़ लोगों को 3 किलो गेहूं और 2 किलो चावल अगले तीन महीने तक देंगे। यह सुविधा राशन कार्ड होल्डर्स को सरकारी दुकानों से दिया जाएगा। 3,300 करोड़ रुपए की रकम कोविड के लिए रखी है, जिससे लोगों को मदद दी जाएगी। कुल 5,500 करोड़ रुपए का बजट कोरोना के लिए तय किया है। 

एमबीबीएस छात्रों और रिटायर्ड डॉक्टरों से अपील
मुख्यमंत्री ने कहा- प्रदेश में ऑक्सीजन बेड्स की कमी हो रही है। जहां जरूरत है वहां ऑक्सीजन बेड्स की संख्या, वेंटिलेटर बेड्स और आइसोलेशन बेड्स बढ़ा रहे हैं, लेकिन इन सुविधाओं को चलाने के लिए हमें ज्यादा डॉक्टर्स चाहिए। जो अभी एमबीबीएस बने हैं उनसे मेरी अपील है कि वो अपनी सेवाएं देने के लिए आगे आएं। रिटायर हो चुके डाक्टर्स से भी मैं अपील करता हूं कि वो दोबारा से अपनी सेवाएं दें।

महाराष्ट्र में 24 घंटे में 258 लोगों की मौत
पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र में कोरोना के 51,751 नए मामले सामने आए हैं। इसके अलावा राज्य में पिछले 24 घंटे में कोरोना के चलते 258 लोगों की मौत हुई है। महाराष्ट्र में कोरोना मृत्यु दर 1.68 प्रतिशत हो गई है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *