इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर संभाग के धार जिले के नालछा के ग्रामीण अंचल में एक एनजीओ द्वारा सरकार के साथ मिलकर बालिका शिक्षा को बढावा देने का कार्य किया जा रहा है। एनजीओ की ब्रांड एंबेसडर कैटरीना कैफ मंगलवार को नालछा ब्लॉक के मियापुरा स्थित प्राइमरी स्कूल में पहुंचीं। कैटरीना ने गांव में एक बालिका आयुषी (5वर्ष) से पूछा, मुझे जानती हो तो बालिका बोली-आपको टीवी में देखा है। नाम नहीं मालूम। कैटरीना ने नाम बताया और बालिका को निरीक्षण के दौरान साथ ही रखा।
कटरीना कैफ यहां एक मकान के बाहर खडी छोटी-सी बालिका आयुषी पिता पप्पू झणिया (5) को देखकर ठहर गई। मां के साथ दरवाजे में खडी बालिका के पास पहुंची और उससे पूछा कि क्या आप स्कूल जाती हो, आपका नाम क्या है, आज स्कूल क्यों नहीं गई जैसे सवाल भी पूछे।
कटरीना कैफ ने आयुषी की मां पूजाबाई से कहा- आपकी बेटी अच्छा बोलती है, आपने इसे कैसे सिखाया। पूजाबाई ने कहा- अपने आप सीख गई है। आयुषी ने मां से कहा कि ये आंटी हीरोइन हैं। आयुषी से पूछा- क्या बनोगी तो बालिका बोली डॉक्टर। कैसे बनोगी के सवाल पर कहा कि पढकर।
कटरीना कैफ के साथ संस्था की संस्थापिका सफीना हुसैन, कलेक्टर श्रीकांत बनोठ, एसपी आदित्य प्रतापसिंह व अन्य अधिकारी भी थे। शाला में संस्था द्वारा संचालित ज्ञान का पिटारा गतिविधि का अवलोकन किया गया। इस दौरान कैफ ने जिले के 15 गांवों की टीम बालिका (स्वयं सेवक) के साथ चर्चा की व उनके अनुभवों को सुना।
बच्चों से पूछा क्या- बनना चाहते तो अधिकांश ने कहा पुलिस
कैफ ने स्कूल में बच्चों से पढ़ाई के तरीके को भी जाना। उन्होंने बच्चों से पूछा कि बडे होकर क्या बनना चाहते हो तो अधिकांश बच्चों ने पुलिस बताया। कुछ ने इंजीनियर-डॉक्टर तो एक ने कहा मंत्री।
कैटरीना कार्यक्रम गोपनीय रखा गया था। साथ ही अभिनेत्री ने भी मीडिया से दूरी बनाए रखी।
